

Purism Liberty Phone Price: आज के स्मार्टफोन बाजार में दो ऑपरेटिंग सिस्टम का दबदबा है Apple का iOS और Google का Android। लेकिन अब एक ऐसा फोन भी मौजूद है जो इन दोनों से पूरी तरह अलग रास्ता अपनाता है। इसमें खास बात यह है कि इसकी कीमत करीब 1.5 लाख रुपये से ज्यादा है फिर भी इसके स्पेसिफिकेशन किसी प्रीमियम फ्लैगशिप जैसे नहीं हैं। हम बात कर रहे हैं Liberty Phone की जिसे अमेरिकी कंपनी Purism ने तैयार किया है।
Liberty Phone के बारे में बताए तो यह Android या iOS नहीं बल्कि Linux आधारित ओपन-सोर्स PureOS दिया गया है। वहीं कंपनी का फोकस ज्यादा से ज्यादा ऐप्स उपलब्ध कराने के बजाय यूजर को अपने डिवाइस और डेटा पर ज्यादा नियंत्रण देने का है। फोन में हार्डवेयर Kill Switches भी मिलते हैं। इनके जरिए यूजर जरूरत पड़ने पर कैमरा, माइक्रोफोन और कुछ कनेक्टिविटी फीचर्स को हार्डवेयर स्तर पर बंद कर सकता है। जिसका सीधा मतलब है कि अगर प्राइवेसी आपकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है, तो यह फीचर काफी उपयोगी साबित हो सकता है।
इसको लेकर दिलचस्प बात यह है कि इतनी महंगी कीमत के बावजूद Liberty Phone के स्पेसिफिकेशन आज के फ्लैगशिप फोन जैसे नहीं हैं। इसमें 5.7 इंच का IPS TFT डिस्प्ले, 4GB RAM और 128GB स्टोरेज दिया गया है। इससे साफ होता है कि Purism इस फोन को Samsung, Apple या Google के फ्लैगशिप मॉडल से सीधे मुकाबले के लिए नहीं उतार रही। इसका असली फोकस प्राइवेसी, ओपन-सोर्स सॉफ्टवेयर और यूजर कंट्रोल है।
वहीं Liberty Phone को अमेरिकी कंपनी Purism तैयार करती है जिसका मुख्यालय San Francisco में है। कंपनी के मुताबिक फोन के जरूरी इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स की fabrication और final assembly अमेरिका में होती है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि फोन का हर कंपोनेंट अमेरिका में ही बनाया जाता है। दूसरे आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेज की तरह यह भी ग्लोबल सप्लाई चेन पर निर्भर है और इसके कई पार्ट्स दूसरे देशों से आते हैं।
जानकारी के लिए बता दें कि Liberty Phone को 2023 में 1,999 डॉलर की कीमत पर लॉन्च किया गया था। फिलहाल इसे 1,749 डॉलर में ऑफर किया जा रहा है। भारतीय रुपये में इसकी कीमत 1.5 लाख रुपये से काफी ऊपर बैठती है, जो इसे आम यूजर के लिए महंगा विकल्प बनाती है। इसके अलावा PureOS का ऐप इकोसिस्टम Android और iOS जितना बड़ा नहीं है। इसलिए गेमिंग, सोशल मीडिया और लोकप्रिय मोबाइल ऐप्स पर निर्भर यूजर्स को समझौता करना पड़ सकता है। लेकिन जो लोग प्राइवेसी और डिजिटल कंट्रोल को कीमत से ऊपर रखते हैं, उनके लिए Liberty Phone एक अलग तरह का स्मार्टफोन एक्सपीरिएंस पेश करता है।