IRCTC Tatkal Ticket Booking Video: AI के बढ़ते उपयोग के बीच 'फेज एआई' के संस्थापक मंथन जेठवानी ने एक अनोखा दावा कर सोशल मीडिया पर नई हलचल पैदा कर दी है। मंथन ने मैसेजिंग और टास्क प्लेटफॉर्म चैटजीपीटी-6 एस्ट्रा (ChatGPT-6 Astra) के जरिए आईआरसीटीसी (IRCTC) की वेबसाइट से तत्काल ट्रेन टिकट सफलतापूर्वक बुक करने का वीडियो शेयर किया है।
वीडियो में दिखाया गया है कि कैसे उन्होंने सिर्फ एक प्रॉम्प्ट और समय की कमांड दी थी, जिसके बाद एआई ने ठीक सुबह 11 बजे वेबसाइट खोलकर यात्री की जानकारी भरी। आईआरसीटीसी का सर्वर डाउन होने पर एआई ने खुद ही हर 10 सेकंड में पेज को रिफ्रेश किया और वेबसाइट चालू होते ही प्री-लोड वॉलेट से भुगतान कर बुकिंग पूरी कर दी।
इस घटना का प्रमाण देने के लिए उन्होंने आईआरसीटीसी से मिला कन्फर्मेशन ई-मेल भी साझा किया है। इस वीडियो को लाखों लोग देख चुके हैं। जहां कुछ लोग तकनीक की इस क्षमता से हैरान हैं, वहीं कई जानकार भविष्य में एआई के इस तरह के स्वचालित उपयोग को इंसानों और रोजगार सुरक्षा के लिए एक बड़ा खतरा मान रहे हैं।
मंथन के मुताबिक, उन्होंने इस काम के लिए पहले ही ChatGPT को एक प्रॉम्प्ट दिया था और उसे 10:59:50 AM पर प्रक्रिया शुरू करने की कमांड दी थी, क्योंकि तत्काल टिकट की बुकिंग विंडो सुबह 11 बजे खुलती है। उनका दावा है कि तय समय पर चैटजीपीटी ने खुद IRCTC की वेबसाइट खोली, जरूरी डिटेल्स भरीं और टिकट बुक करने की प्रक्रिया शुरू की।
मंथन ने बताया कि टिकट बुक होने से ठीक पहले IRCTC की वेबसाइट डाउन हो गई। इसके बाद ChatGPT ने कथित तौर पर हर 10 सेकंड में पेज को रिफ्रेश किया।
वेबसाइट दोबारा शुरू होने पर उसने फिर से जरूरी जानकारी भरी और पेमेंट की प्रक्रिया पूरी की। मंथन के अनुसार, पेमेंट के लिए उन्होंने पहले से IRCTC वॉलेट में पैसे डालकर रखे थे। टिकट बुक होने के बाद बुकिंग डिटेल्स भी उन्हें शेयर कर दी गईं।
मंथन ने अपने दावे के समर्थन में पूरे टिकट बुकिंग प्रोसेस का वीडियो भी रिकॉर्ड किया था। उन्होंने इसके कुछ हिस्से इंस्टाग्राम वीडियो में दिखाए।
इसके अलावा उन्होंने IRCTC की ओर से भेजा गया टिकट कन्फर्मेशन ईमेल भी दिखाया, जिसमें 24 सितंबर की अहमदाबाद से वलसाड के बीच चलने वाली गुजरात क्वीन ट्रेन की बुकिंग का विवरण बताया गया है।
मंथन का कहना है कि इस पूरे अनुभव के बाद उन्हें लगता है कि भविष्य में AI कई ऐसे काम खुद करने में सक्षम हो सकता है, जो अभी इंसानों द्वारा किए जाते हैं। हालांकि, यह उनके व्यक्तिगत अनुभव और दावा है कि चैटजीपीटी ने टिकट बुकिंग की प्रक्रिया उनके निर्देश पर खुद पूरी की।
इंस्टाग्राम पर करीब 22 घंटे पहले अपलोड किए गए इस वीडियो को खबर लिखे जाने तक 5.3 मिलियन यानी 53 लाख से ज्यादा व्यूज मिल चुके थे।
वीडियो पर यूजर्स की ओर से अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। ChatGPT India ने भी वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, लोगों ने मंथन से डिमांड की, एस्ट्रा ने पूरी कर दी।
वीडियो पर एक IIT से पढ़ाई कर रहे स्टूडेंट ने कमेंट किया, "अब मैं तत्काल टिकट बुकिंग एजेंट बन सकता हूं।" वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा कि गुजरात क्वीन की टिकट बिना GPT के भी आसानी से बुक की जा सकती है और AI से वलसाड-वडनगर या बिहार के लिए प्रयास करने को कहा।
एक अन्य यूजर ने इस अनुभव पर चिंता जताते हुए लिखा, "भाई ये खुश होने की बात नहीं है। आगे चलकर AI बहुत खतरनाक हो सकता है।"
यानी वीडियो पर जहां कुछ यूजर्स ने AI की क्षमता की तारीफ की, वहीं कुछ लोगों ने इसके भविष्य में संभावित प्रभावों को लेकर चिंता भी व्यक्त की।