

Free Fire India के लॉन्च को लेकर 28 अक्टूबर की तारीख बताई गई
गेम में दिवाली कैंपेन के तहत खास कॉस्ट्यूम और कंटेंट मिलेगा
पैरेंटल कंट्रोल और गेमिंग टाइम लिमिट से जिम्मेदार गेमिंग को बढ़ावा मिलेगा
Garena Free Fire India Launch: गरेना ने अपने पॉपुलर बैटल रॉयल गेम Free Fire India (FFI) को लेकर आधिकारिक घोषणा की है। कंपनी के अनुसार, यह गेम 28 अक्टूबर से डाउनलोड के लिए उपलब्ध होगा। खास तौर पर भारतीय गेमर्स को ध्यान में रखकर तैयार किए गए इस स्टैंडअलोन मोबाइल गेम में इंडिया-स्पेसिफिक कंटेंट, बेहतर सेफ्टी फीचर्स और अलग-अलग कैटेगरी के स्मार्टफोन्स के लिए सपोर्ट मिलेगा।
जानकारी के मुताबिक, गेम के लॉन्च के मौके पर गरेना एक खास दिवाली कैंपेन भी शुरू करने वाली है। यह कैंपेन भारत की सांस्कृतिक विविधता और अलग-अलग समुदायों की परंपराओं को दर्शाएगा। 15 नवंबर तक चलने वाले इस इवेंट में थीम-बेस्ड आर्टवर्क, खास कॉस्ट्यूम और एक्सक्लूसिव इन-गेम कंटेंट देखने को मिलेगा।
Free Fire India को गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर से मुफ्त में डाउनलोड किया जा सकेगा। गेम में पहले की तरह बैटल रॉयल गेमप्ले देखने को मिलेगा, जहां प्लेयर्स अपने दोस्तों के साथ टीम बनाकर मुकाबला कर सकेंगे। इसके अलावा, दूसरे खिलाड़ियों के साथ कॉम्पिटिशन करने और अलग-अलग इन-गेम इवेंट्स में हिस्सा लेने का विकल्प भी मिलेगा।
गेम का भारतीय वर्जन देश के यूजर्स की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसका मकसद खिलाड़ियों को बेहतर और आकर्षक गेमिंग एक्सपीरियंस देना है। वहीं, दिवाली के खास कैंपेन के जरिए गेम में भारतीय संस्कृति, परंपराओं और विभिन्न समुदायों से जुड़ा फेस्टिव कंटेंट भी शामिल किया जाएगा।
गरेना ने Free Fire India को भारत में इस्तेमाल होने वाले अलग-अलग तरह के स्मार्टफोन्स के हिसाब से ऑप्टिमाइज करने की बात कही है। कंपनी के मुताबिक, गेम को इस तरह तैयार किया गया है कि यह कम RAM और सीमित प्रोसेसिंग क्षमता वाले एंट्री-लेवल स्मार्टफोन्स से लेकर हाई-एंड फ्लैगशिप डिवाइसेज तक पर चल सके।
इसका मुख्य उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा भारतीय गेमर्स तक गेम की पहुंच बनाना है। ऐसे में बजट स्मार्टफोन इस्तेमाल करने वाले खिलाड़ियों को भी गेम खेलने का मौका मिलेगा। कंपनी का फोकस अलग-अलग डिवाइस स्पेसिफिकेशन्स के बावजूद खिलाड़ियों को गेमिंग का अनुभव उपलब्ध कराने पर है।
भारतीय यूजर्स के लिए Free Fire India में अतिरिक्त सेफ्टी फीचर्स भी शामिल किए गए हैं। जिम्मेदार गेमिंग को बढ़ावा देने और सरकारी नियमों के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए गेम में पैरेंटल कंट्रोल से जुड़े उपाय पेश किए जाएंगे।
18 साल से कम उम्र के खिलाड़ियों को ऑनलाइन गेम खेलने के लिए अपने माता-पिता की अनुमति लेनी होगी। इसके साथ ही, गेम खिलाड़ियों को लगातार स्क्रीन देखने के बजाय नियमित अंतराल पर ब्रेक लेने के लिए रिमाइंडर भी देगा।
डेटा प्राइवेसी और यूजर्स की जानकारी की सुरक्षा भी Free Fire India की प्रमुख विशेषताओं में शामिल होगी। गरेना के अनुसार, गेम से जुड़ा पूरा डेटा भारत में स्थित लोकल क्लाउड सर्वर पर होस्ट किया जाएगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य भारतीय बाजार में लागू डेटा स्टोरेज और प्राइवेसी संबंधी जरूरतों को पूरा करना है।