

Free Fire ID Dispute 3 Accused Arrested In Mumbai: ऑनलाइन 'फ्री फायर' गेम की आईडी को लेकर हुए विवाद में एक युवक की जान पर बन आई। सांताक्रुज-पूर्व स्थित कालीना इलाके में घटित उक्त घटना में पीड़ित युवक के गले पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने की जानकारी सामने आई है।
30 सितंबर की आधी रात को हुई इस वारदात के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मुंबई शहर के सांताक्रुज-पूर्व स्थित कालीना इलाके में ऑनलाइन Free Fire गेम की ID को लेकर हुआ विवाद हिंसक हो गया। 30 सितंबर की रात करीब 1:30 बजे कुंची कुर्वे नगर स्थित सेंट रॉक चर्च की सीढ़ियों के पास कुछ युवकों के बीच कहासुनी हुई।
विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने दिलशाद शाह नाम के युवक पर कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया। हमले के दौरान चाकू दिलशाद के गले पर लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
वारदात के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल दिलशाद को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सलमान फारूक शाह की शिकायत के आधार पर वाकोला पुलिस ने मामले में अरबेज शाह, मुसाहिद वकील अहमद खान, कौसर अली जमील शाह और अनस सैयद के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपियों में से मुसाहिद वकील अहमद खान, अरबेज शाह और कौसर अली जमील शाह को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मामले में नामजद अन्य आरोपी अनस सैयद की भूमिका को लेकर पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। घटना के पीछे के विवाद, हमले में शामिल लोगों की भूमिका और अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाने के लिए वाकोला पुलिस आगे की जांच कर रही है।