

Airtel Priority Postpaid Renamed To Fast Lane: एयरटेल ने अपनी हालिया लॉन्च की गई Priority Postpaid सेवा को लेकर चल रहे विवादों के बीच एक महत्वपूर्ण फैसला लिया है। कंपनी ने अब अपनी इस प्रीमियम सर्विस का नाम बदलकर Fast Lane कर दिया है।
एयरटेल की वेबसाइट और मोबाइल ऐप से अब 'Priority Postpaid' का नाम हटा दिया गया है और इसकी जगह नई ब्रांडिंग ' Fast Lane' को अपडेट कर दिया गया है। हालांकि, कंपनी ने स्पष्ट किया है कि यह केवल नाम का बदलाव है और ग्राहकों को मिलने वाले फायदे और प्लान की संरचना में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
एयरटेल ने 19 मई को इस सेवा की शुरुआत की थी, जिसके तुरंत बाद इंटरनेट जगत में Net Neutrality को लेकर एक नई बहस छिड़ गई। विशेषज्ञों और आलोचकों का तर्क था कि कुछ विशेष ग्राहकों को बेहतर स्पीड के लिए प्राथमिकता देना इंटरनेट की निष्पक्षता के सिद्धांतों के खिलाफ है। इसी विवाद के चलते कंपनी ने अपनी ब्रांडिंग में बदलाव करने का निर्णय लिया है।
एयरटेल की यह सर्विस '5G नेटवर्क स्लाइसिंग' तकनीक का इस्तेमाल करती है। यह एक ऐसी तकनीक है जिसके जरिए नेटवर्क के एक हिस्से को विशेष रूप से हाई-स्पीड डेटा की जरूरतों के लिए अलग किया जा सकता है। आमतौर पर इस तकनीक का उपयोग बड़े उद्यमों के लिए किया जाता है, लेकिन एयरटेल ने इसे आम पोस्टपेड ग्राहकों के लिए पेश करके सबको चौंका दिया था। कंपनी का दावा है कि इस तकनीक से पोस्टपेड यूजर्स को बेहतर स्पीड, असीमित डेटा और शानदार सर्विस का अनुभव मिलता है।
एयरटेल के प्रवक्ता ने इस बदलाव पर आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा कि यह बदलाव केवल ब्रांडिंग तक ही सीमित है। प्रवक्ता के अनुसार, 'हमारा लॉन्च कैंपेन अब खत्म हो गया है और 'फास्ट लेन' नाम हमारी इस खास पेशकश की खूबियों को बेहतर ढंग से बयां करता है।' कंपनी ने यह भी साफ किया कि स्लाइसिंग टेक्नोलॉजी का उपयोग जारी रहेगा और जो भी यूजर पोस्टपेड प्लान चुनता है और जिसके पास 5G सपोर्ट वाला फोन है, उसे तेज स्पीड का अनुभव मिलता रहेगा।
एयरटेल ने उन बातों को भी खारिज कर दिया है जिनमें कहा जा रहा था कि पोस्टपेड को प्राथमिकता देने से प्रीपेड यूजर्स का अनुभव खराब होगा। कंपनी के मुताबिक, स्लाइसिंग टेक्नोलॉजी का प्रीपेड यूजर्स के नेटवर्क अनुभव पर कोई खराब प्रभाव नहीं पड़ा है। वर्तमान में एयरटेल अपने उन सभी पोस्टपेड यूजर्स को 'फास्ट लेन' के तहत बेहतर स्पीड ऑफर कर रही है जो 5G इनेबल्ड डिवाइस का इस्तेमाल कर रहे हैं।