दिवाली पर अखिलेश का योगी सरकार को तंज, सिर्फ घाट नहीं, जगमगाए गरीब का भी घर
- Written By: अनिल सिंह
Updated On:
Nov 12, 2023 | 02:14 PM
लखनऊ: अयोध्या में 22 लाख दीपक जलाकर विश्व रिकॉर्ड बनाया गया। लेकिन अयोध्या तट पर जल रहे दीपक में से तेल निकाल कर ले जाते गरीब बच्चों और गरीब महिला का वीडियो भी वायरल हुआ है। इस वीडियो ने योगी सरकार की वैश्विक स्तर पर किरकिरी की है। गरीबों के विकास का दावा करने वाली योगी सरकार के दावों पोल खोल कर रख दी है। योगी सरकार खुद को गरीबों के उत्थान के लिए संकल्पित बताती है। लेकिन ये वीडियो जैसे योगी सरकार के दावों को मुह चिढ़ा रहा है। इसी वीडियो को अपने सोशल मीडिया पर अपलोड कर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर तंज कसा है। जिसमें उन्होंने लिखा है, ”दिव्यता के बीच दरिद्रता… जहां गरीबी दीयों से तेल ले जाने के लिए मजबूर करे, वहां उत्सव का प्रकाश धुंधला हो जाता है। हमारी तो यही कामना है कि एक ऐसा पर्व भी आए, जिसमें सिर्फ घाट ही नहीं, बल्कि हर गरीब का घर भी जगमगाए।”
अखिलेश यादव ने इस वीडियो के जरिये योगी सरकार पर यह आरोप लगाया है कि अगर उन्होंने सच में गरीबों के उत्थान के लिए सरकार ने काम किया होता तो अयोध्या में गरीब दिए से तेल निकालने के लिए मजबूर ना होता। इतना ही नहीं उन्होंने यह भी कहा है कि जहां सरकार ऐसी होती है वहां गरीबों के लिए उत्सव का प्रकाश धुंधला हो जाता है। सपा प्रमुख ने इस पोस्ट के साथ एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें घाट पर कुछ बच्चे दीयों से तेल निकालकर गैलन और अन्य बर्तनों में भरकर ले जाते नजर आ रहे हैं। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में भगवान श्री राम की जन्मस्थली अयोध्या में शनिवार शाम राम की पैड़ी के 51 घाटों पर 22 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए, जो ‘गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड’ के मुताबिक विश्व कीर्तिमान है।
एक आधिकारिक बयान में यह दावा किया गया है। बयान में कहा गया है कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की अयोध्या ने नया कीर्तिमान बनाते हुए दीपोत्सव-2023 में 22.23 लाख दीप प्रज्वलित किए। पिछले वर्ष 2022 में प्रज्वलित 15.76 लाख दीपों से इस बार यह संख्या लगभग 6.47 लाख अधिक रही। बयान के मुताबिक, ड्रोन से की गई दीपों की गणना के बाद दीपोत्सव ने ‘गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड’ में नया कीर्तिमान दर्ज किया।
Akhilesh yadav on viral video of poor women extracting oil from lamps in ayodhya
Get Latest Hindi News , Maharashtra News , Entertainment News , Election News , Business News , Tech , Auto , Career and Religion News only on Navbharatlive.com
Published On:
Nov 12, 2023 | 02:14 PM
