ODI World Cup: संकट से जूझ रही पाकिस्तानी टीम का कोलंबो में साउथ अफ्रीका से सामना

PAK W vs SA W: साउथ अफ्रीका और पाकिस्तान के बीच महिला विश्व कप 2025 का 22वां मुकाबला आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाना है, जिसमें पाकिस्तानी टीम जीत का खाता खोलना चाहेगी।
आज होगा पाकिस्तान और साउथ अफ्रीका महिला टीम का मैच
आईसीसी महिला वनडे विश्वकप 2025 (फोटो- IANS)
Published on
Updated on

ICC Women's World Cup 2025: साउथ अफ्रीका और पाकिस्तान के बीच महिला विश्व कप 2025 का 22वां मुकाबला आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाना है, जिसमें पाकिस्तानी टीम जीत का खाता खोलना चाहेगी। पाकिस्तान ने अब तक कुल पांच मुकाबलों में तीन हार का सामना किया है, जबकि दो मुकाबले बारिश के चलते बेनतीजा रहे। यह टीम प्वाइंट्स टेबल में सबसे निचले पायदान पर मौजूद है।

दूसरी ओर, साउथ अफ्रीकी टीम 5 में से चार मुकाबले जीतकर पहले ही सेमीफाइनल में प्रवेश कर चुकी है। ऐसे में साउथ अफ्रीका के लिए यह मुकाबला तैयारियों को परखने के लिहाज से अहम होगा। इस मुकाबले में पाकिस्तान को सिदरा अमीन और मुनीबा अली से बल्लेबाजी में उम्मीदें होंगी, जबकि नाशरा संधू और फातिमा सना अपनी गेंदबाजी से विपक्षी टीम को परेशान कर सकती हैं।

वहीं, साउथ अफ्रीकी टीम को बल्लेबाजी में लौरा वोल्वार्ड्ट और ताजमिन ब्रित्स से उम्मीदें होंगी। गेंदबाजी में नॉनकुलुलेको म्लाबा और नादिन डी क्लार्क अपना जलवा दिखा सकती हैं। आर प्रेमदासा स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के अनुकूल मानी जाती है, लेकिन मौसम के मिजाज को देखते हुए यहां नमी वाली विकेट पर तेज गेंदबाजों को मदद मिल सकती है। जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ेगा, स्पिनर्स अपना कमाल दिखा सकते हैं।

कोलंबो में मंगलवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। मुकाबले के बीच बारिश की आशंका है। पाकिस्तान और साउथ अफ्रीका की महिला टीमों के बीच साल 1997 से अब तक कुल 31 वनडे मैच खेले गए हैं, जिसमें साउथ अफ्रीका ने 23 मुकाबले अपने नाम किए, जबकि पाकिस्तानी टीम सिर्फ 6 ही मैच जीत सकी। एक मुकाबला टाई और एक मैच बेनतीजा रहा है।

साउथ अफ्रीका और पाकिस्तान के बीच यह मुकाबला भारतीय समय के अनुसार दोपहर 3 बजे से शुरू होगा। टॉस आधे घंटे पहले होगा। इस मुकाबले का लाइव टेलीकास्ट स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर होगा, जबकि लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार पर उपलब्ध होगी।

पाकिस्तान महिला टीम का स्क्वॉड

मुनीबा अली, उमाइमा सोहेल, सिदरा अमीन, आलिया रियाज, नतालिया परवेज, फातिमा सना (कप्तान), सिदरा नवाज (विकेटकीपर), रमीन शमीम, डायना बेग, नाशरा संधू, सादिया इकबाल, सैयदा अरूब शाह, सदफ शमास, एयमन फातिमा, शवल जुल्फिकार।

साउथ अफ्रीका की महिला टीम का स्क्वॉड

लौरा वोल्वार्ड्ट (कप्तान), ताजमिन ब्रित्स, सुने लुस, एनेरी डर्कसेन, मारिजैन कप्प, कराबो मेसो (विकेटकीपर), क्लो ट्रायॉन, नादिन डी क्लार्क, नोंदुमिसो शांगसे, मसबत क्लास, नॉनकुलुलेको म्लाबा, तुमी सेखुखुने, ऐनी बॉश, सिनालो जाफ्ता, अयाबांगा खाका।

एजेंसी इनपुट के साथ

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com