फीफा वर्ष सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी पुरस्कार की घोषणा, विनिशियस जूनियर और ऐटाना बोनमाटी ने रचा इतिहास
रीयाल मैड्रिड के स्टार विनिशियस जूनियर को फीफा 'द बेस्ट' पुरस्कार में वर्ष का सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी चुना गया। जबकि बार्सीलोना की ऐटाना बोनमाटी ने महिला वर्ग में पुरस्कार जीता।
- Written By: आंचल लोखंडे
Updated On:
Dec 18, 2024 | 11:48 AM
फीफा वर्ष सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी पुरस्कार की घोषणा (सौजन्य: सोशल मीडिया)
दोहा: इस बार का फीफा वर्ष का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी पुरस्कार ब्राजील और स्पेन के झोली में चला गया। रीयाल मैड्रिड के स्टार विनिशियस जूनियर को फीफा ‘द बेस्ट’ पुरस्कार में वर्ष का सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी चुना गया। जबकि बार्सीलोना की ऐटाना बोनमाटी ने महिला वर्ग में पुरस्कार जीता। 24 वर्ष के विनिशियस को पछाड़कर अक्टूबर में मैनचेस्टर सिटी के रौड्री ने बलोन डिओर जीता था। खास बात यह है कि इसके विरोध में विनिशियस और मैड्रिड टीम ने पेरिस में पुरस्कार समारोह में भाग ही नहीं लिया था ।
इस बार रौड्री पांच अंक से विनिशियस से पिछड़ गए। ब्राजील के फॉरवर्ड विनिशियस फीफा के समारोह में पुरस्कार लेने पहुंचे थे। उन्होंने पुर्तगाली भाषा में कहा कि समझ में नहीं आ रहा कि कहां से शुरू करूं। लगा नहीं था कि यहां तक पहुंच सकूंगा। मैं गरीबी और अपराध के लिए बदनाम साओ गोंकालो की गलियों में नंगे पैर सड़क पर फुटबॉल खेला करता था। उन्होंने आगे कहा कि यहां तक पहुंचना मेरे लिए काफी अहम है। मैं उन बच्चों के लिए प्रेरणा बनना चाहता हूं जिन्हें लगता है कि सब कुछ असंभव है।
स्पेन की मिडफील्डर बोनमाटी ने लगातार दो साल बलोन डिओर जीतने के बाद यह पुरस्कार जीता। यह उनकी बड़ी उपलब्धी है। अपनी इस जीत पर उन्होंने कहा कि जैसा कि मैं हमेशा कहती हूं कि यह टीम के प्रयासों से मिला है। यह साल बहुत शानदार रहा। मैं अपने क्लब, साथी खिलाड़ियों और सभी को धन्यवाद देती हूं।
11 खिलाड़ियों को किया गया था नामित
बता दें कि दोनों पुरस्कारों के लिए 11 खिलाड़ियों को नामित किया गया था जिसके बाद मौजूदा कप्तानों, कोचों, प्रशंसकों और मीडिया के वोट से विजेता का चयन हुआ। इसके लिए 21 अगस्त 2023 से 10 अगस्त 2024 के प्रदर्शन को आधार रखा गया।
विनिशियस जूनियर के करियर का आरंभ
विनिशियस जूनियर का जन्म 12 जुलाई 2000 में ब्राजील में हुआ। विनिशियस जूनियर का फुटबॉल करियर 2006 में शुरू हुआ। एक गरीब कैथोलिक परिवार से आने वाले, विनिशियस ने 13 मई 2017 को एटलेटिको माइनिरो के खिलाफ ब्राजीलियन सीरी ए 1-1 से ड्रॉ में 82वें मिनट में विकल्प के रूप में फ्लेमेंगो के लिए पदार्पण किया। आज तक कई उपलब्धियां हासिल करते हुए उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा।
ऐटाना बोनमाटी ने की कई उपलब्धि हासिल
ऐटाना बोनमाटी का जन्म 18 जनवरी 1998 को कैटेलोनिया के गर्राफ कॉमरका की राजधानी विलानोवा आई ला गेलट्रू में हुआ। पेशेवर फुटबॉलर स्पेन की ऐटाना बोनमाटी ने 2023 तक कई प्रमुख क्लब और व्यक्तिगत पुरस्कार जीते। महिला फुटबॉल में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से उन्हें एक माना जाता है। बोनमाटी 7 साल की उम्र से प्रैक्टिस कर रही हैं और आज उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
Vinicius junior and aitana bonmati won fifa player of the year award
Get Latest Hindi News , Maharashtra News , Entertainment News , Election News , Business News , Tech , Auto , Career and Religion News only on Navbharatlive.com
Published On:
Dec 18, 2024 | 11:48 AM
