825 करोड़ की लागत से बना वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, 18 खेलों की सुविधाओं से तैयार अहमदाबाद

Veer Savarkar Sports Complex: अहमदाबाद के नारनपुरा में ₹825 करोड़ की लागत से बना वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स तैयार है। 18 खेलों की विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस यह कॉम्प्लेक्स युवाओं को निखारेगा।
Ahmedabad Multi Sports Complex For 2036 Olympics
वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Ahmedabad Multi Sports Complex For 2036 Olympics: अहमदाबाद के नारनपुरा में करीब 825 करोड़ रुपये की लागत से तैयार वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है। ये कॉम्प्लेक्स अहमदाबाद को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की बड़ी खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी के लिए तैयार करने में भी अहम भूमिका निभा रहा है।

गुजरात सरकार और केंद्र सरकार के सहयोग से बनाए गए इस स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण पिछले साल 14 सितंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किया था। यहां खिलाड़ियों और कोचों के लिए ट्रेनिंग, फिटनेस, मेडिकल सुविधाओं के साथ रहने की व्यवस्था भी की गई है।

इनडोर और आउटडोर सुविधाएं

करीब 1.19 लाख वर्ग मीटर में फैले इस कॉम्प्लेक्स में 18 खेलों के लिए इनडोर और आउटडोर सुविधाएं मौजूद हैं। इनमें स्विमिंग, टेनिस, बैडमिंटन, शूटिंग, कुश्ती और जिमनास्टिक जैसे खेल शामिल हैं। कॉम्प्लेक्स में सात एंट्री गेट, दर्शकों के बैठने की व्यवस्था और विजिटर्स के लिए करीब 900 गाड़ियों की पार्किंग भी है।

खिलाड़ियों के मुताबिक, उन्हें यहां ट्रेनिंग से लेकर फिटनेस और डाइट तक कई जरूरी सुविधाएं एक ही जगह मिल रही हैं। खिलाड़ी गौतम पारिख ने कहा, 'हमें खाने-पीने और ट्रेनिंग की बहुत ही अच्छी सुविधा दी गई है। इसका उद्देश्य हमें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने में सक्षम बनाना है।'

अंतरराष्ट्रीय स्तर का एक्वेटिक कॉम्प्लेक्स

स्विमिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव मोनल चौकसी ने कॉम्प्लेक्स में बने एक्वेटिक सेंटर की सुविधाओं की तारीफ की। उन्होंने कहा, 'वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स अहमदाबाद के नारनपुरा क्षेत्र में बना है। उसमें एक्वेटिक कॉम्प्लेक्स भी है। मैं स्विमिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया की तरफ से बात करता हूं तो यहां जो एक्वेटिक कॉम्प्लेक्स बनाया गया है, वो अंतरराष्ट्रीय स्तर का है।'

अहमदाबाद म्युनिसिपल कमिश्नर बंछानिधि पाणी ने बताया कि कॉम्प्लेक्स में 10 स्पोर्ट्स इवेंट्स के लिए सुविधाएं अच्छी तरह काम कर रही हैं। उन्होंने कहा, 'यहां पर जो खेल सुविधाएं हैं, कोचिंग की सुविधाएं हैं, वे बहुत अच्छी हैं।'

Ahmedabad Multi Sports Complex For 2036 Olympics
Asian Games 2026: भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने बांग्लादेश को 48-25 से हराया, सेमीफाइनल में बनाई जगह

कॉमनवेल्थ गेम्स और ओलंपिक के लिए अहम

अहमदाबाद में 2030 में कॉमनवेल्थ गेम्स का आयोजन होना है। वहीं, भारत सरकार 2036 में ओलंपिक खेलों की मेजबानी अहमदाबाद में करने की तैयारी कर रही है और इसके लिए आवेदन कर रही है।

ऐसे में इन दोनों बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के लिए अहमदाबाद में मौजूद खेल सुविधाओं की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है। वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स भी इन आयोजनों के लिए शहर की खेल सुविधाओं का एक अहम हिस्सा होगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com