

Mansukh Mandaviya Praises Japanese Hospitality: केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने जापान की मेहमाननवाजी और समृद्ध संस्कृति की तारीफ की है। एक पोस्ट शेयर करते हुए एशियन गेम्स 2026 की ओपनिंग सेरेमनी में शामिल होने और जापान के पारंपरिक समारोह कागामी-बिराकी में हिस्सा लेने का अनुभव साझा किया।
मांडविया ने लिखा, 'जापान की शानदार मेहमाननवाजी और समृद्ध संस्कृति का अनुभव कर रहा हूं। कल मुझे 20वें एशियन गेम्स आइची-नागोया 2026 की ओपनिंग सेरेमनी में शामिल होने और जापान के पारंपरिक समारोह कागामी-बिराकी में हिस्सा लेने का सम्मान मिला। गर्मजोशी से किए गए स्वागत और शानदार मेहमाननवाजी के लिए आभारी हूं।'
उन्होंने आगे कहा कि एशिया और दुनिया के खेल समुदाय से जुड़े दोस्तों से दोबारा मिलना भी उनके लिए खुशी की बात रही। मांडविया ने लिखा कि भारत की खेलों में प्रगति और उसके भविष्य को लेकर लोगों का उत्साह देखकर उन्हें अच्छा लगा।
एशियन गेम्स में भारतीय दल का समर्थन करने के लिए जापान पहुंचे मांडविया ने शनिवार को ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया के डायरेक्टर जनरल और वर्ल्ड एक्वेटिक्स के अध्यक्ष कैप्टन हुसैन अल-मुसल्लम से भी मुलाकात की।
इस दौरान भारत के राष्ट्रीय खेल महासंघों और उनके संबंधित एशियन फेडरेशन के बीच सहयोग मजबूत करने पर चर्चा हुई। इसके साथ ही भारत में एक्वेटिक स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने, जमीनी स्तर पर खिलाड़ियों की भागीदारी बढ़ाने और युवा प्रतिभाओं को आगे लाने के तरीकों पर भी बात हुई।
एशियन गेम्स 2026 में भारत का अभियान ओपनिंग सेरेमनी से पहले ही शुरू हो चुका है। टेकबॉल में क्विम्सी जोआकिम डिसूजा महिला एकल सेमीफाइनल में हार के बाद अब ब्रॉन्ज मेडल के लिए मुकाबला करेंगी।
वहीं, भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने क्वार्टर फाइनल में मेजबान जापान को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई है। सेमीफाइनल में उसका मुकाबला बांग्लादेश से होगा।