15 हजार से ज्यादा जगहों पर चला 'संडेज ऑन साइकिल' अभियान, फिट इंडिया मूवमेंट से जुड़े लाखों लोग

Sundays on Cycle Campaign: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'फिट इंडिया मूवमेंट' के तहत देश भर में 82वां 'संडेज ऑन साइकिल' अभियान चलाया गया, जिसमें 15,000 से अधिक जगहों पर लाखों लोग शामिल हुए।
'Sundays on Cycles' campaign held at over 15,000 locations; lakhs join the Fit India Movement.
संडेज ऑन साइकिल (सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Sundays On Cycle 82nd Campaign: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिट इंडिया मूवमेंट के तहत आयोजित 'संडेज ऑन साइकिल' अभियान का 82वां संस्करण रविवार को पूरे देश में बड़े पैमाने पर आयोजित किया गया। इस बार देशभर के 15 हजार से अधिक स्थानों पर साइक्लिंग कार्यक्रम आयोजित हुए, जिनमें आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के लाखों स्वास्थ्यकर्मियों, खिलाड़ियों, फिटनेस प्रेमियों और आम नागरिकों ने हिस्सा लिया। अभियान का उद्देश्य लोगों को फिटनेस, निवारक स्वास्थ्य देखभाल और सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

मनसुख मंडाविया भी हुए शामिल

दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि 'संडेज ऑन साइकिल' अब एक जन आंदोलन का रूप ले चुका है, जो लोगों को रोजमर्रा की जिंदगी में शारीरिक गतिविधियों को शामिल करने के लिए प्रेरित कर रहा है। उन्होंने बताया कि इस बार 15 हजार से ज्यादा जगहों पर साइक्लिंग कार्यक्रम आयोजित हुए, जहां स्वास्थ्यकर्मियों ने फिट रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

मंडाविया ने कहा कि ये एक छोटा सा प्रयास जरूर है, लेकिन यही आगे चलकर बड़े बदलाव की शुरुआत बन सकता है। उन्होंने कहा कि जब भी कोई व्यक्ति साइकिल चलाता है, वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिट इंडिया मूवमेंट का हिस्सा बनता है और खुद को स्वस्थ रखने का संकल्प लेता है।

सभी आयु वर्ग ने लिया भाग

दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में सभी आयु वर्ग के लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया। इसमें स्वास्थ्यकर्मी, फिटनेस विशेषज्ञ, खिलाड़ी और आम नागरिक शामिल रहे। कार्यक्रम में मौजूद ओलंपियन प्रीति दुबे ने कहा कि फिटनेस सिर्फ खिलाड़ियों के लिए नहीं, बल्कि हर व्यक्ति के लिए जरूरी है और ऐसे अभियान लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।

वहीं, आयुष मंत्रालय की योग एवं वेलनेस कोच अनीता सोलंकी ने बताया कि वह पिछले छह वर्षों से फिटनेस के क्षेत्र में लोगों का मार्गदर्शन कर रही हैं और उन्हें खुशी है कि उनके प्रयासों से लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया द्वारा फिटनेस को बढ़ावा देने की पहल की भी सराहना की।

स्वास्थ्य सुधारना है अहम उद्देश्य

सरकार का 'संडेज ऑन साइकिल' अभियान अब देश के प्रमुख सार्वजनिक फिटनेस अभियानों में शामिल हो चुका है। इसका उद्देश्य साइक्लिंग को स्वास्थ्य सुधारने, पर्यावरण संरक्षण और सक्रिय जीवनशैली अपनाने के आसान और प्रभावी माध्यम के रूप में बढ़ावा देना है।

Navbharat Live
navbharatlive.com