

FIFA World Cup 2026 Spain vs Cape Verde: फीफा वर्ल्ड कप 2026 में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। दरअसल, स्पेन बनाम केप वर्डे के मुकाबले में चौंकाने वाला परिणाम सामने आया है। फीफा विश्व कप जैसे बड़ें मंच पर केप वर्डे ने सबसे बड़ी टीम स्पेन व टूर्नामेंट की दावेदार स्पेन को 0-0 पर रोककर इतिहास रच दिया। इसके अलावा छोटे से अफ्रीकी देश ने फीफा वर्ल्ड कप में इतिहास रचते हुए अपना पहला अंक भी हासिल कर लिया।
इस वक्त पूरी दुनिया में केप वर्डे का नाम गूंज रहा है। इस देश का क्षेत्रफल काफी छोटा है और इसके लिहाज से फीफा वर्ल्ड कप में क्वालीफाई करने वाला सबसे छोटा देश भी है। मौजूदा वक्त में केप वर्डे वर्ल्ड रैंकिंग में 64वें स्थान पर है। दूसरी तरफ स्पेन पूर्व वर्ल्ड चैंपियन है और ऐसी टीम के खिलाफ ड्रॉ की उम्मीद किसी को न थी, लेकिन केप वर्डे ने ऐसा कर दिखाया। 5 लाख की आबादी वाले इस छोटे से देश ने स्पेन के खिलाफ जुझारूपन का प्रदर्शन किया। पूरे स्टेडियम में मौजूद इस टीम ने फैंस का दिल जीत लिया।
अटलांटा के मर्सिडीज-बेंज स्टेडियम में खेले गए ग्रुप-H मुकाबले में स्पेन ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा और करीब 70 प्रतिशत समय गेंद अपने कब्जे में रखी। यूरोपीय चैंपियन टीम ने लगातार आक्रमण किए, लेकिन केप वर्डे के 40 वर्षीय अनुभवी गोलकीपर वोजिन्हा चट्टान की तरह डटे रहे। उन्होंने पहले हाफ में फेरान टोरेस के तीन बेहतरीन प्रयासों को नाकाम कर स्पेन को बढ़त लेने से रोक दिया। इसके अलावा केप वर्डे के डिफेंडरों ने भी अनुशासित प्रदर्शन करते हुए स्पेनिश हमलों को बेअसर कर दिया और विपक्षी टीम को कोई साफ मौका नहीं बनाने दिया।
जब लंबे समय तक स्पेन को सफलता नहीं मिली तो कोच ने मैच के अंतिम 20 मिनट में युवा स्टार लामिन यमाल और निको विलियम्स को मैदान पर उतारा। दोनों खिलाड़ियों से टीम को बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन केप वर्डे के खिलाड़ियों ने उन्हें भी खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। यमाल ने कुछ शानदार मूव और पास जरूर बनाए, मगर अंतिम क्षणों में स्पेन गोल करने में नाकाम रहा।
दूसरी ओर केप वर्डे ने शानदार रक्षात्मक रणनीति के दम पर मुकाबले को 0-0 की बराबरी पर समाप्त किया। वर्ल्ड कप में अपना पहला मैच खेल रही केप वर्डे की टीम ने इस प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया और स्पेन को अंक बांटने पर मजबूर कर दिया।