Indonesia Open 2026: पीवी सिंधु और अर्जुन-हरिहरन की धमाकेदार शुरुआत, पहले दौर का मैच जीतकर आगे बढ़े

PV Sindhu vs Busanan: पीवी सिंधु ने इंडोनेशिया ओपन 2026 के पहले दौर में बुसानन ओंगबामरुंगफान को हराकर दूसरे राउंड में जगह बनाई, जबकि लक्ष्य सेन को हार का सामना करना पड़ा।
Indonesia Open 2026: PV Sindhu and Arjun-Hariharan Make a Flying Start, Advance After Winning First-Round Matches
पीवी सिंधु (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

PV Sindhu in Indonesia Open 2026: इंडोनेशिया ओपन 2026 में भारतीय स्टार शटलर पीवी सिंधु ने विजयी आगाज किया। मंगलवार को जकार्ता के इस्टोरा सेनायन स्टेडियम में खेले गए पहले दौर के मुकाबले में उन्होंने थाईलैंड की बुसानन ओंगबामरुंगफान को 25-23, 21-16 से हराया। पूर्व विश्व चैंपियन सिंधु को जीत के लिए कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने 51 मिनट तक चले मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए सीधे गेमों में मुकाबला अपने नाम किया। सिंधु ने पहले गेम में आक्रामक खेल के दम पर करीबी जीत दर्ज की और फिर दूसरे गेम में भी उसी लय को कायम रखते हुए अगले दौर में जगह पक्की कर ली।

अब होगा वर्ल्ड चैंपियन से मुकाबला?

पीवी सिंधु को अब दूसरे राउंड में एक कठिन चुनौती का सामना करना पड़ेगा, जहां उनका मुकाबला मौजूदा ओलंपिक चैंपियन और वर्ल्ड नंबर 1 खिलाड़ी एन से-यंग से होने की संभावना है। सिंधु 'हेड-टू-हेड' रिकॉर्ड में 0-9 से पीछे हैं और पिछले हफ्ते सिंगापुर ओपन के क्वार्टर फाइनल में भी वह इसी कोरियाई खिलाड़ी से हारी थीं। अगले राउंड में जगह बनाने वाली एक और जोड़ी मेंस डबल्स में हरिहरन अमसकारुनन और एमआर अर्जुन की थी, जिन्होंने मलेशिया के 2016 ओलंपिक पदक विजेता टैन वी किओंग और उनके मौजूदा जोड़ीदार नूर मोहम्मद अजरीन पर सीधे गेमों में जीत दर्ज की।

हेड टू हेड रिकॉर्ड में आगे सिंधु

भारत की दिग्गज शटलर सिंधु साल 2023 के बाद पहली बार दुनिया के टॉप-10 खिलाड़ियों में शामिल हुई हैं, उन्होंने थाईलैंड की शटलर के खिलाफ लगातार 11वीं जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। बुसानन के खिलाफ 'हेड-टू-हेड' रिकॉर्ड में अब सिंधु 21-1 से आगे हैं। अब उनका मुकाबला कोरिया की टॉप सीड एन से-यंग और तुर्की की नेस्लिहान अरिन के बीच होने वाले मैच की विजेता से होगा।

बाद में, हरिहरन और अर्जुन ने अनुभवी मलेशियाई जोड़ी को सिर्फ 33 मिनट में 21-18, 21-10 से मात दी।इस बीच, लक्ष्य सेन को घरेलू पसंदीदा खिलाड़ी अल्वी फरहान के हाथों 21-19, 21-16 से हार का सामना करना पड़ा। अल्वी ने पिछले हफ्ते सिंगापुर ओपन में दुनिया के नंबर 1 खिलाड़ी शि यू क्यूई को हराया था।

दूसरी ओर, भारत की डबल्स टीमों के लिए यह एक कठिन दिन रहा। ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की महिला युगल जोड़ी, जो दो महीने से ज़्यादा समय बाद पहली बार एक साथ खेल रही थी, इंडोनेशिया की टीम फेब्रिआना द्विपुजी कुसुमा और मेलिसा ट्रायस पुस्पितासारी से 14-21, 12-21 से हार गई। मिश्रित युगल में, ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो को छठी वरीयता प्राप्त चीनी जोड़ी गुओ शिन वा और चेन फांग हुई ने 11-21, 10-21 से हराया।

IANS इनपुट के साथ

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com