

Highlights
PM मोदी आज एशियाई खेल 2026 के एथलीटों से मिलेंगे।
भारत 85 पदकों 21 स्वर्ण, 27 रजत, 37 कांस्य के साथ चौथे स्थान पर रहा।
भारत ने कई खेलों में शानदार प्रदर्शन किया।
PM To Meet Indian Asian Games Team Today: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज, गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे नई दिल्ली के मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम में एक विशेष कार्यक्रम की अगुआई करेंगे। इस दौरान वे हाल ही में जापान के आइची-नागोया में आयोजित हुए एशियन गेम्स 2026 में देश का प्रतिनिधित्व करने वाले भारतीय एथलीटों के दल से मुलाकात करेंगे।
इस दौरान प्रधानमंत्री एथलीटों के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनसे सीधा संवाद करेंगे और पूरे भारतीय दल को संबोधित भी करेंगे। इस कार्यक्रम में खिलाड़ियों के साथ उनके कोच, सहायक कर्मचारी, भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) के अधिकारी, राष्ट्रीय खेल संघों के प्रतिनिधि और खेल मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
भारतीय एथलीटों ने इन एशियाई खेलों में अद्भुत खेल भावना का प्रदर्शन करते हुए कुल 85 पदक अपने नाम किए हैं। इस शानदार प्रदर्शन के साथ भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर रहा। कुल पदकों में 21 स्वर्ण, 27 रजत और 37 कांस्य पदक शामिल हैं।
यह लगातार दूसरी बार है जब भारत ने एशियाई खेलों में शीर्ष पांच देशों में अपनी जगह पक्की की है, जो वैश्विक मंच पर भारतीय खेलों के बढ़ते स्तर और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को मजबूती से दर्शाता है।
एशियाई खेलों में भारत ने कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। पुरुष और महिला दोनों हॉकी टीमों ने एक ही संस्करण में स्वर्ण पदक जीतकर नया कीर्तिमान स्थापित किया। रिकर्व तीरंदाजी में भी भारत का प्रदर्शन ऐतिहासिक रहा। इसके अलावा, भारत ने सॉफ्ट टेनिस और मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में पहली बार पदक जीतकर इतिहास रचा।
महिलाओं की ट्रैप शूटिंग स्पर्धा में भारत ने अपना पहला स्वर्ण पदक जीता। वहीं, भारोत्तोलन यानी वेटलिफ्टिंग में भारत ने 28 साल के लंबे अंतराल के बाद रजत पदक हासिल किया। ग्रीको-रोमन कुश्ती में भी भारतीय पहलवानों ने कमाल करते हुए रजत पदक जीता और 64 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद इस स्पर्धा के फाइनल में पहुंचने वाले पहले भारतीय बने।