Asian Games 2026: PM मोदी ने मेडल विजेताओं से की मुलाकात, कहा, खिलाड़ियों की सफलता नए भारत की पहचान

PM Modi gifts from Asian Games winner: PM मोदी ने एशियन गेम्स में मेडल जीतकर लौटे खिलाड़ियों से गुरुवार को मुलाकात की। इस दौरान खिलाड़ियों ने पीएम मोदी को अलग-अलग तोहफे भी दिए।
Asian Games 2026 PM Modi Meeting
पीएम मोदी पदक विजेता खिलाड़ियों के साथ सोर्स- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • भारत ने 85 पदक (21 स्वर्ण, 27 रजत, 37 कांस्य) जीतकर तालिका में चौथा स्थान पाया।

  • प्रधानमंत्री मोदी ने मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में एथलीटों से मिलकर उनका हौसला बढ़ाया।

  • कुल पदकों में से 38 पदक (11 स्वर्ण समेत) देश की महिला खिलाड़ियों ने जीते।

  • हॉकी (पुरुष व महिला), क्रिकेट (दोनों टीमें) और कबड्डी में स्वर्ण पदक मिले।

PM Modi Asian Games Medal Winners: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को दिल्ली के मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में आइची-नागोया एशियन गेम्स 2026 के विजेता खिलाड़ियों से मुलाकात की। इस भव्य समारोह में प्रधानमंत्री ने सभी पदकवीरों की हौसलाअफजाई की और उन्हें विभिन्न उपहार भेंट किए।

वहीं, देश का गौरव बढ़ाने वाले एथलीटों ने भी प्रधानमंत्री को अपने हस्ताक्षर वाले खेल उपकरण और जर्सियां स्मृति चिह्न के रूप में सौंपी। इस दौरान केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया और भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) की अध्यक्ष पीटी उषा भी मौजूद रहीं।

पीएम मोदी ने खिलाड़ियों को लेकर किया सराहना

खिलाड़ियों की सराहना करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि इतने सारे पदकवीरों से एक साथ मिलना देश के लिए बेहद गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि आप सभी युवा एथलीट इस बात का उदाहरण हैं कि जुनून जब जीत में बदलता है, तो पदक के साथ चेहरे की चमक भी लेकर आता है।

खिलाड़ियों की सफलता नए भारत की बदलती सोच और मजबूत तस्वीर को दर्शाती है। आपके दृढ़ संकल्प के सामने कोई चुनौती बड़ी नहीं है और आज का युवा खुद अपनी राह बना रहा है।

एशियन गेम्स में भारत का कैसा रहा प्रदर्शन?

इस बार के एशियाई खेलों में भारत ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए कुल 85 पदक (21 गोल्ड, 27 सिल्वर और 37 ब्रॉन्ज) अपने नाम किए और पदक तालिका में चौथा स्थान हासिल किया। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में विशेष रूप से महिला खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने गर्व जताते हुए कहा कि भारत के 85 पदकों में से 38 पदक (11 गोल्ड सहित) देश की बेटियों ने जीते हैं।

Asian Games 2026 PM Modi Meeting
India A squad vs New Zealand A: ऋषभ पंत चोट के कारण इंडिया ए टीम से हुए बाहर, कुमार कुशाग्र को मिला मौका

महिला हॉकी टीम ने 44 साल का लंबा इंतजार खत्म किया

समारोह में विभिन्न खेलों में मिली ऐतिहासिक जीतों का जश्न साफ दिखाई दिया। भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीता और 44 साल का लंबा इंतजार खत्म किया, वहीं पुरुष हॉकी टीम ने भी सोने पर कब्जा जमाया।

इसके अलावा, क्रिकेट में पुरुष और महिला दोनों टीमों ने लगातार दूसरी बार मेडल जीतकर अपने पिछले रिकॉर्ड को दोहराया। कबड्डी में भी भारत की दोनों टीमों ने स्वर्णिम सफलता हासिल की।

खिलाड़ियों ने प्रधानमंत्री को दिए खास तोहफे

इस खास मुलाकात के दौरान खिलाड़ियों ने प्रधानमंत्री मोदी को खास तोहफे दिए। महिला हॉकी टीम ने अपने हस्ताक्षरों वाली एक नारंगी जर्सी और हॉकी स्टिक भेंट की, जबकि महिला क्रिकेट टीम ने साइन की हुई टीम इंडिया की जर्सी सौंपी। गोल्फ में भारत का पहला महिला व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीतने वाली प्रणवी उर्स ने अपने ग्लव्स और गोल्फ बॉल पीएम को भेंट किए।

दो स्वर्ण और एक रजत जीतने वाली 17 वर्षीय तीरंदाज कुमकुम मोहोत ने सीप और कलाकृतियों से सजा लकड़ी का धनुष सौंपा। वहीं सॉफ्ट टेनिस में भारत को पहला कांस्य पदक दिलाने वाले जय मीना ने अपना रैकेट प्रधानमंत्री को भेंट किया। इसके बाद खिलाड़ियों ने प्रधानमंत्री के साथ फोटो शूट भी कराया जिसकी तस्वीरें पीएम मोदी ने अपने एक्स पर शेयर किया है।

Asian Games 2026 PM Modi Meeting
Under-19 Asia Cup 2026: 5 नवंबर से अंडर-19 एशिया कप का आगाज, जानें कब होगा भारत-पाकिस्तान का महा-मुकाबला

इस यादगार मौके पर उपस्थित रहे ये खिलाड़ी

इस यादगार मौके पर भारतीय मेंस क्रिकेट टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर, उपकप्तान तिलक वर्मा, महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर और नवनियुक्त कप्तान स्मृति मंधाना समेत देश के सभी दिग्गज पदक विजेता उपस्थित रहे, जिन्होंने प्रधानमंत्री के साथ अपनी खेल यात्रा के अनुभव साझा किए।

Navbharat Live
navbharatlive.com