

Highlights
पाकिस्तान ने ट्राई-सीरीज के फाइनल में श्रीलंका को 3 विकेट से हराया
पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने वर्ल्ड रिकॉर्ड में भारत की बराबरी कर ली
पाकिस्तान ने श्रीलंका द्वारा दिए गए 326 रनों के विशाल टारगेट को चेज किया
Highest ODI Run Chase: पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने ट्राई-सीरीज के फाइनल में श्रीलंका को 3 विकेट से हराकर इतिहास रच दिया है। इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही पाकिस्तान टीम ने वनडे क्रिकेट इतिहास के एक बेहद खास और बड़े वर्ल्ड रिकॉर्ड में भारत की बराबरी कर ली है।
आपको बता दें कि श्रीलंका द्वारा दिए गए 326 रनों के विशाल टारगेट को चेज कर पाकिस्तान ने पिछले 24 साल से चले आ रहे भारत के कीर्तिमान को छू लिया है। आइए जानते है वह कौन सा रिकॉड है जो पाकिस्तान ने भारत की बराबरी कर लिया है।
खिताबी मुकाबले में श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बोर्ड पर 325 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया था। 326 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और कप्तान बाबर आजम खाता खोले बिना ही पवेलियन लौट गए।
इसके बाद सलामी बल्लेबाज फखर जमान ने मोर्चा संभाला और श्रीलंकाई गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं। फखर ने महज 99 गेंदों में 127 रनों की ताबड़तोड़ शतकीय पारी खेली। उनका साथ साद बैग ने बखूबी निभाया, जिन्होंने 74 रनों की बहुमूल्य पारी खेली।
मध्यक्रम में युवा अराफात मिन्हास ने मैच का पासा पूरी तरह पाकिस्तान की तरफ पलट दिया। मिन्हास ने केवल 31 गेंदों का सामना करते हुए 61 रन कूट डाले। उनकी इसी आक्रामक बल्लेबाजी की बदौलत पाकिस्तान ने आखिरी ओवरों के रोमांच में 3 विकेट रहते 326 रनों के टारगेट को भेद दिया।
साल 2002 में टीम इंडिया ने लॉर्ड्स के मैदान पर ऐतिहासिक नैटवेस्ट सीरीज के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 326 रनों का सफल रन चेज किया था। पिछले 24 साल से किसी भी वनडे टूर्नामेंट या सीरीज के फाइनल में सबसे बड़े रन चेज का यह इकलौता वर्ल्ड रिकॉर्ड भारत के नाम दर्ज था। हालांकि भारतीय टीम का यह रिकॉर्ड अभी टूटा नहीं है, लेकिन पाकिस्तान अब इस मामले में भारत के बराबर पहुंच गया है।
326 रन – भारत (बनाम इंग्लैंड, 2002)
326 रन – पाकिस्तान (बनाम श्रीलंका, 2026)
315 रन – भारत (बनाम पाकिस्तान, 1998)
298 रन – न्यूजीलैंड (बनाम दक्षिण अफ्रीका)
287 रन – ऑस्ट्रेलिया (बनाम न्यूजीलैंड)
इस खिताबी जीत के साथ ही बतौर कप्तान शाहीन शाह अफरीदी का शानदार रिकॉर्ड और मजबूत हो गया है। उनकी कप्तानी में पाकिस्तान वनडे टीम ने अब तक कुल 16 मैच खेले हैं, जिनमें से टीम को 11 मैचों में जीत मिली है, जबकि केवल 5 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है।