

Who Is Ameera Ayesha Begum In Kerala Controversy: लियोनेल मेसी और अर्जेंटीना की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम के 2025 में प्रस्तावित केरल दौरे को लेकर चल रहा विवाद अब एक नए मोड़ पर पहुंच गया है। इस मामले में अब मलप्पुरम की रहने वाली अमीरा आयशा बेगम का नाम सामने आया है।
आधिकारिक रिकॉर्ड के मुताबिक, तत्कालीन खेल मंत्री वी. अब्दुरहीमान और अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन (AFA) के बीच हुई ईमेल बातचीत में अमीरा आयशा बेगम को भी कॉपी में रखा गया था।
अमीरा आयशा बेगम को पूर्व खेल मंत्री वी. अब्दुरहीमान का दोस्त बताया जा रहा है। रिकॉर्ड के अनुसार, उन्हें मेसी से जुड़े प्रस्तावित कार्यक्रम की बातचीत की जानकारी थी। अब्दुरहीमान की ओर से एएफए के अधिकारियों और निजी स्पॉन्सर को भेजे गए कुछ ईमेल में बेगम को भी कॉपी किया गया था।
यही बात अब इस पूरे मामले में कई सवाल खड़े कर रही है कि सरकार से जुड़े एक बड़े प्रोजेक्ट की आधिकारिक बातचीत की जानकारी एक निजी व्यक्ति तक कैसे पहुंच रही थी।
केरल के मौजूदा खेल मंत्री ओ.जे. जनेश ने बुधवार को इस मामले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि ईमेल और उससे जुड़ी दूसरी चीजें रहस्यमय लग रही हैं और पूरे मामले की विस्तृत जांच की जरूरत है। उनके बयान के बाद अमीरा आयशा बेगम की भूमिका को लेकर चर्चा और तेज हो गई है।
ये मामला इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि खेल विभाग के सचिव की ओर से तैयार की गई एक रिपोर्ट में मेसी के प्रस्तावित कार्यक्रम को संभालने के तरीके पर गंभीर सवाल उठाए गए हैं। जिस समय ये पूरा घटनाक्रम हुआ, उस समय पिनाराई विजयन केरल के मुख्यमंत्री थे।
रिपोर्ट के अनुसार, अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन के साथ केरल सरकार की बातचीत खेल विभाग के सामान्य रास्ते से नहीं हुई। इसके बजाय तत्कालीन खेल मंत्री वी. अब्दुरहीमान ने सीधे एएफए के अधिकारियों से संपर्क किया। बताया गया है कि खेल विभाग के सचिव और निदेशक इस आधिकारिक बातचीत का हिस्सा नहीं थे।
अब ईमेल रिकॉर्ड में एक निजी व्यक्ति के शामिल होने से ये सवाल और गंभीर हो गया है कि सरकार और एएफए के बीच चल रही बातचीत की जानकारी किसी दूसरे माध्यम से साझा की जा रही थी या नहीं। रिकॉर्ड में ये भी सामने आया है कि सरकार, एएफए के अधिकारियों और निजी स्पॉन्सर के बीच हुई बातचीत में अमीरा आयशा बेगम को ईमेल की कॉपी भेजी गई थी।
इस पूरे मामले में अब हाई-लेवल जांच की मांग भी जोर पकड़ रही है। खेल विभाग के सचिव की रिपोर्ट में कथित गड़बड़ियों की जांच की सिफारिश की गई है। रिपोर्ट में निजी पक्षों को संभावित गलत वित्तीय फायदा पहुंचाने और विदेशी मुद्रा से जुड़े नियमों के उल्लंघन की कोशिश जैसे गंभीर मुद्दों की जांच की बात कही गई है।
रिपोर्ट में उस दावे पर भी सवाल उठाया गया है कि अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन ने केरल में मैत्री मैच खेलने के लिए आधिकारिक रूप से सहमति दी थी। रिपोर्ट के अनुसार, केंद्र सरकार के सामने ऐसी स्थिति पेश की गई कि एएफए कार्यक्रम के लिए आधिकारिक तौर पर तैयार हो चुका है। इसके बाद कथित तौर पर स्पॉन्सर को विदेश में 126 करोड़ रुपये भेजने का आदेश दिया गया।
अब इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि लियोनेल मेसी के केरल दौरे की बातचीत में अमीरा आयशा बेगम को ईमेल में क्यों शामिल किया गया था और उन्हें इस सरकारी प्रोजेक्ट से जुड़ी जानकारी किस आधार पर दी जा रही थी?
जांच में ये भी साफ होना बाकी है कि प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर सरकार, एएफए और निजी स्पॉन्सर के बीच वास्तविक सहमति क्या थी और 126 करोड़ रुपये विदेश भेजने की प्रक्रिया किस आधार पर शुरू की गई थी।