महिला जूनियर हॉकी विश्व कप 2025 के लिए भारतीय टीम का ऐलान, ज्योति सिंह को सौंपी गई कप्तानी

Hockey India: एफआईएच महिला जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप 2025 का आयोजन 25 नवंबर से 13 दिसंबर तक चिली में होगा। हॉकी इंडिया ने टूर्नामेंट के लिए 20 सदस्यीय टीम घोषित की है।
महिला जूनियर हॉकी विश्व कप के लिए भारतीय टीम घोषित, ज्योति सिंह संभालेंगी कमान
महिला जूनियर हॉकी विश्व कप के लिए भारतीय टीम का ऐलान (फोटो- IANS)
Published on: 
Updated on: 

Women's Junior Hockey World Cup: एफआईएच महिला जूनियर हॉकी विश्व कप 2025 का आयोजन 25 नवंबर से 13 दिसंबर तक चिली के सैंटियागो में होगा। इस टूर्नामेंट के लिए हॉकी इंडिया ने 18 मुख्य और 2 वैकल्पिक खिलाड़ियों सहित 20 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा की है। टीम में युवा खिलाड़ियों को मौका दिया गया है, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगी। यह टूर्नामेंट भारतीय टीम के लिए अनुभव और भविष्य की बड़ी प्रतियोगिताओं की तैयारी का अवसर साबित होगा।

भारतीय टीम की कमान ज्योति सिंह को सौंपी गई है, जबकि निधि और एंगिल हर्षा रानी मिंज गोलकीपिंग का जिम्मा संभालेंगी। टीम अपनी कड़ी तैयारियों को परखने और विश्व मंच पर अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराने की कोशिश करेगी।

भारतीय टीम को जर्मनी, आयरलैंड और नामीबिया के साथ पूल-सी में रखा गया है। भारत 1 दिसंबर को नामीबिया के खिलाफ मुकाबले के साथ अपने अभियान की शुरुआत करेगा, जिसके बाद 3 दिसंबर को जर्मनी और 5 दिसंबर को आयरलैंड के खिलाफ मुकाबला खेला जाएगा। प्रत्येक पूल से शीर्ष टीमें नॉकआउट चरणों में आगे बढ़ेंगी, जो 7 से 13 दिसंबर तक खेले जाएंगे।

टीम चयन को लेकर भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम के हेड कोच तुषार खांडकर ने कहा, "मैं भारतीय टीम और इस समय उनके खेलने के तरीके से बहुत खुश हूं। हॉकी में अनुशासन मेरा मुख्य सिद्धांत है। टीम को बनाते समय मैंने इसी को ध्यान में रखा है। हम कड़े प्रशिक्षण से गुजरे हैं।"

उन्होंने कहा, "हमने अपने रक्षात्मक ढांचे और प्रतिद्वंद्वी के स्कोरिंग क्षेत्र में फिनिशिंग पर कड़ी मेहनत की है। पिछले कुछ महीनों में लड़कियों ने अपने खेल में काफी सुधार और परिपक्वता दिखाई है। हम सभी चिली जाने के लिए तैयार और बहुत उत्साहित हैं। लड़कियां विश्व कप में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह से प्रेरित हैं।"

एफआईएच महिला जूनियर हॉकी विश्व कप 2025 के लिए भारतीय टीम

गोलकीपर: निधि और एंगिल हर्षा रानी मिंज।

डिफेंडर: मनीषा, लालथनलुआलांगी, साक्षी शुक्ला, पूजा साहू, नंदिनी।

मिडफील्डर: साक्षी राणा, इशिका, सुनीता टोप्पो, ज्योति सिंह, खैदेम शिलेइमा चानू, बिनिमा धन।

फॉरवर्ड: सोनम, पूर्णिमा यादव, कनिका सिवाच, हिना बानो, सुखवीर कौर।

वैकल्पिक खिलाड़ी: प्रियंका यादव, पार्वती टोपनो।

IANS इनपुट के साथ

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com