

Indian Women's Hockey Team Qualifies Pool D: भारत ने महिला हॉकी वर्ल्ड कप में इंग्लैंड को 0-0 से ड्रॉ पर रोककर दूसरे राउंड में जगह बना ली है। पूल डी के आखिरी मुकाबले में भारत ने शानदार डिफेंस दिखाया और इंग्लैंड को एक भी गोल नहीं करने दिया। इस नतीजे के साथ भारत 5 अंकों के साथ ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहा।
चीन 7 अंकों के साथ पूल डी में टॉप पर रहा। उसने अपने तीन में से दो मैच जीते। वहीं, इंग्लैंड 4 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा और टूर्नामेंट से बाहर हो गया।
भारत उन टीमों में शामिल है, जिन्हें इस वर्ल्ड कप में अब तक हार नहीं मिली है। टीम ने अपने अभियान की शुरुआत चीन के खिलाफ 2-2 के ड्रॉ से की थी। इसके बाद भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 6-1 से हराकर शानदार जीत दर्ज की।
दूसरी ओर, इंग्लैंड के लिए ये मुकाबला करो या मरो जैसा था। अगले दौर में पहुंचने के लिए उसे हर हाल में जीत चाहिए थी। इसी वजह से इंग्लैंड ने पूरे मैच में गोल करने के लिए लगातार दबाव बनाया।
भारत ने मैच की शुरुआत आक्रामक अंदाज में की। शुरुआती 10 मिनट में टीम को तीन पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन भारतीय खिलाड़ी इनमें से किसी को गोल में नहीं बदल सके।
इसके बाद इंग्लैंड ने धीरे-धीरे मैच पर पकड़ बनानी शुरू की। दूसरे क्वार्टर में उसे तीन पेनल्टी कॉर्नर मिले, जबकि भारत को सिर्फ एक मौका मिला। हालांकि, दोनों टीमें पहले हाफ तक गोल नहीं कर सकीं।
आखिरी क्वार्टर में इंग्लैंड के सामने सिर्फ जीत का रास्ता था। इसलिए उसने बड़ा जोखिम लेते हुए गोलकीपर को मैदान से बाहर कर दिया। इंग्लैंड 11 आउटफील्ड खिलाड़ियों के साथ खेलने लगा और उसके लगभग सभी खिलाड़ी गोल करने के लिए आगे बढ़ गए।
इससे भारत पर दबाव काफी बढ़ गया और टीम को अपने ही हाफ में गहराई तक जाकर डिफेंस करना पड़ा। लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने इंग्लैंड के हर हमले को रोकने की पूरी कोशिश की। उन्होंने शॉट ब्लॉक किए और इंग्लैंड के अटैक को लगातार तोड़ा।
मैच के आखिरी सेकंड में इंग्लैंड की टेरेसा हॉवर्ड के पास मैच जिताने का शानदार मौका आया। लेकिन बिचू देवी ने बेहतरीन बचाव करते हुए हॉवर्ड के प्रयास को रोक दिया। उनके इस अहम सेव ने न सिर्फ भारत को गोल खाने से बचाया, बल्कि 0-0 का स्कोर बनाए रखते हुए टीम इंडिया को वर्ल्ड कप के दूसरे राउंड में भी पहुंचा दिया।
इस तरह भारत ने पूल डी में अपने तीन मैचों में एक जीत और दो ड्रॉ के साथ 5 अंक हासिल किए और अगले दौर का टिकट पक्का किया।