

India Boxing Team: एशिया बॉक्सिंग अंडर-17 चैंपियनशिप 2026 में इस बार भारत की बेटियों का जलवा देखने मिला है, उन्होंने इसमें अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा है। उज्बेकिस्तान के ताशकंद में आयोजित सेमीफाइनल के बाद 8 मुक्केबाज फाइनल में पहुंच गईं, जबकि 4 मुक्केबाजों ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किए।
एक तरफ, 46 किलोग्राम वर्ग में राखी ने चीन की याटिंग झांग के खिलाफ तीसरे राउंड में रेफरी स्टॉप कॉन्टेस्ट (आरएससी) से शानदार जीत दर्ज की। वहीं, 48 किलोग्राम वर्ग में, खुशी चंद ने मंगोलिया की मुंगुंजुल अल्तामगादासा पर 5:0 से एकतरफा जीत हासिल की। 52 किलोग्राम वर्ग में, ममता मुरलीधर राउत चीन की याक्सिन किउ से 0:5 से हार गईं, जबकि लक्ष्मी मंजूनाथ लमानी (54 किलोग्राम) को उज्बेकिस्तान की कुमरिनिसो मुहम्मदोवा के हाथों 1:4 से हार का सामना करना पड़ा।
57 किलोग्राम वर्ग में, नव्या मंगोलिया की दागीमा चुलुतुमुर के खिलाफ दूसरे राउंड में आरएससी से जीत दर्ज करते हुए फाइनल में पहुंचीं। 60 किलोग्राम वर्ग में, इशिका कजाकिस्तान की बाल्यम गैबिटकीजी के खिलाफ 2:3 से एक कड़े मुकाबले में हार गईं। 63 किलोग्राम वर्ग में, दीया ने चीनी ताइपे की जिया-एन सॉन्ग पर पहले राउंड में आरएससी से एकतरफा जीत हासिल की।
66 किलोग्राम वर्ग में, हरनूर कौर को कजाकिस्तान की अयाउलिम ओस्पानोवा के खिलाफ 0:5 से हार का सामना करना पड़ा। 70 किलोग्राम वर्ग में, हिमांशी ने जॉर्डन की जूड हाबी के खिलाफ पहले राउंड में आरएससी से जीत दर्ज की। 75 किलोग्राम वर्ग में, ज्योति चीनी ताइपे की चेंग-हुई जू के खिलाफ पहले राउंड में आरएससी से जीत दर्ज करते हुए आगे बढ़ीं। 80 किलोग्राम वर्ग में, वंशिका ने उज्बेकिस्तान की फेरुजाबोनु कामोलोवा पर 4:1 से जीत हासिल की। 80+ किलोग्राम वर्ग में, गुरसीरत कौर ने चीनी ताइपे की शिन-यिंग हुआंग के खिलाफ पहले राउंड में आरएससी से जीत दर्ज करते हुए फाइनल में स्थान बनाया।
दूसरी तरफ, अंडर-15 में भारतीय लड़कों ने सेमीफाइनल में जबरदस्त प्रदर्शन किया। छह मुक्केबाज फाइनल में पहुंचे और सात मुक्केबाजों ने ब्रॉन्ज अपने नाम किए। 33 किलोग्राम वर्ग में, यश कुमार ने यूएई के कियान इकबाल पर 5:0 से शानदार जीत दर्ज करते हुए फाइनल में जगह बनाई। सास्था वसंत अशोक कुमार (37 किलोग्राम) ने किर्गिस्तान के अजिरेताली संझारबेकोव के खिलाफ दूसरे राउंड में रेफरी के फैसले से जीत हासिल की।
IANS इनपुट के साथ