Junior Women’s Hockey World Cup: भारत ने आयरलैंड को 4-0 से हराया, क्वार्टरफाइनल की उम्मीदें बरकरार

जूनियर महिला हॉकी वर्ल्ड कप 2025 में भारतीय टीम ने अपने लीग राउंड के आखिरी मुकाबले में आयरलैंड को 4-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल की उम्मीद को मजबूत कर लिया है। अब भारतीय टीम की नजरें दूसरी टीम पर होगी।
Junior Women’s Hockey World Cup: भारत ने आयरलैंड को 4-0 से हराया, क्वार्टरफाइनल की उम्मीदें बरकरार
भारतीय महिला हॉकी टीम (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

FIH Women’s Junior Hockey World Cup: भारत ने जूनियर विमेंस वर्ल्ड कप 2025 में शुक्रवार को अपने आखिरी पूल सी मैच में आयरलैंड के खिलाफ 4-0 से जीत दर्ज की। पूर्णिमा यादव के दो गोल की बदौलत भारत ने शुक्रवार को एफआईएच जूनियर महिला विश्व कप के आखिरी लीग मैच में आयरलैंड को हराया।

सैंटियागो के एस्टाडियो नेशनल के सेंट्रो डेपोर्टिवो डे हॉकी सेस्पेड में खेले गए इस मुकाबले में भारत की शुरुआत शानदार रही। भारत ने पहले क्वार्टर में शानदार अटैकिंग का इरादा दिखाया। टीम ने मैच के शुरुआती 12 सेकंड में ही एक पेनाल्टी कॉर्नर हासिल कर लिया। हालांकि, गोल नहीं हो सका। इसके बाद भारत ने दबाव बनाना जारी रखा। 10वें मिनट में टीम इंडिया को दूसरा पेनाल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन एक बार फिर टीम इसे भुनाने से चूक गई।

भारतीय टीम ने 12वें मिनट में किया पहला गोल

मुकाबले के 12वें मिनट में आखिरकार भारत ने अपना खाता खोला। साक्षी राणा ने सर्कल के अंदर कनिका सिवाच को एक परफेक्ट पास दिया, जिन्होंने बड़ी कुशलता से आयरिश गोलकीपर को चकमा देकर गोल दागा। इसके बाद भारत ने 17वें और 23वें मिनट में लगातार दो पेनाल्टी कॉर्नर जीते, लेकिन आयरलैंड की गोलकीपर लूसी मैकगोल्ड्रिक ने गोल को बचा लिए।

पहले हाफ में भारत 1-0 से आगे

मुकाबले के 24वें मिनट में आयरलैंड ने गोल करने की पहली कोशिश की, लेकिन भारतीय गोलकीपर ने विपक्षी टीम को रोक दिया। दूसरे क्वार्टर के आखिर में, भारत ने 28वें मिनट में अपना पांचवां पेनाल्टी कॉर्नर जीता, लेकिन इस मौके का फायदा नहीं मिला। इसी के साथ पहला हाफ 1-0 से खत्म हुआ।

दूसरे हाफ में भारतीय खिलाड़ियों का कमाल

तीसरे क्वार्टर में भारत ने बॉल को ज्यादा देर तक अपने पास रखा और आयरिश डिफेंस पर दबाव बनाया। 42वें मिनट में, भारत को एक और पेनाल्टी कॉर्नर मिला। इस बार साक्षी शुक्ला ने गोल के सामने पूर्णिमा यादव को एक शानदार पास दिया, जिन्होंने बॉल को नेट में डालकर इंडिया की बढ़त दोगुनी कर दी।

इसके बाद साक्षी राणा (57 मिनट) ने बाएं किनारे से जबरदस्त थ्री-डी स्किल दिखाई और डिफेंडर्स को छकाते हुए गोल दागा। इसके बाद पूर्णिमा यादव (58 मिनट) ने मैच में अपना दूसरा गोल करते हुए भारत को 4-0 से आगे कर दिया। (एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com