सीरीज पर कब्जा जमाने उतरेगी भारतीय टीम, जानें प्लेइंग इलेवन, पिच रिपोर्ट, और लाइव स्ट्रीमिंग की पूरी जानकारी

IND vs NZ 5th ODI Preview: भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 मैचों की वनडे सीरीज का आखिरी और निर्णायक मुकाबला रविवार, 15 नवंबर को माउंट माउंगानुई में खेला जाएगा। भारतीय टीम सीरीज में 2-1 से आगे चल रही है।
IND vs NZ 5th ODI Preview
भारत बनाम न्यूजीलैंड सोर्स- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • भारत बनाम न्यूजीलैंड के बीच 5वां वनडे मुकाबला रविवार को खेला जाएगा

  • तीसरा मैच बारिश से धुलने के बाद भारतीय टीम 2-1 से आगे है।

  • श्रेयस अय्यर की टीम सीरीज जीतने उतरेगी, जबकि न्यूजीलैंड इसे 2-2 से बराबर करना चाहेगा।

India vs New Zealand 5th ODI Playing 11: भारत और न्यूजीलैंड के बीच जारी 5 मैचों की वनडे सीरीज अब अपने रोमांचक मोड़ पर पहुंच गई है। सीरीज का पांचवां और आखिरी निर्णायक मुकाबला कल यानी रविवार, 15 नवंबर को माउंट माउंगानुई के बे ओवल मैदान में खेला जाएगा। सीरीज का तीसरा मैच बारिश की भेंट चढ़ने के कारण भारतीय टीम फिलहाल 2-1 से आगे है।

ऐसे में कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली टीम इंडिया इस मुकाबले को जीतकर सीरीज अपने नाम करना चाहेगी। वहीं दूसरी तरफ, मेजबान न्यूजीलैंड की नजरें जीत दर्ज कर सीरीज को 2-2 की बराबरी पर खत्म करने पर टिकी होंगी। ऐसे में क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें इस अहम मुकाबले पर टिकी होगी।

आंकड़ों में किसका पलड़ा भारी?

वनडे इतिहास में भारत और न्यूजीलैंड के बीच हमेशा से कड़ी टक्कर देखने को मिली है, लेकिन कुल आंकड़ों में भारतीय टीम का पलड़ा भारी रहा है। दोनों देशों के बीच अब तक कुल 127 वनडे मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें भारत ने 65 और न्यूजीलैंड ने 53 मैच जीते हैं। इसके अलावा 8 मैच बेनतीजा रहे हैं और 1 मुकाबला टाई रहा है।

हालांकि, न्यूजीलैंड की सरजमीं पर कीवी टीम का दबदबा साफ नजर आता है। वहां खेले गए 49 मैचों में मेजबान टीम ने 27 मुकाबले जीते हैं, जबकि भारत को केवल 16 मैचों में सफलता मिली है (5 बेनतीजा, 1 टाई)।

IND vs NZ 5th ODI Preview
CM योगी को मिला रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की शादी का निमंत्रण, 4 दिसंबर को लखनऊ में लेंगे सात फेरे

भारतीय टीम की रणनीति और संभावित प्लेइंग इलेवन

आखिरी वनडे के लिए भारतीय प्लेइंग इलेवन में बदलाव होना तय है। तेज गेंदबाज गुरनूर बरार इस मुकाबले का हिस्सा नहीं होंगे, ऐसे में अनुभवी गेंदबाज मोहम्मद सिराज की टीम में वापसी हो सकती है। बल्लेबाजी विभाग में अनुभवी ओपनर रोहित शर्मा का बल्ला अब तक खामोश रहा है, इसलिए निर्णायक मैच में उनसे एक बड़ी पारी की उम्मीद होगी। साथ ही कप्तान श्रेयस अय्यर भी बल्ले से योगदान देना चाहेंगे।

भारत की संभावित-11: रोहित शर्मा, ऋतुराज गायकवाड़, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, नमन धीर, आकिब नबी, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज और अर्शदीप सिंह।

न्यूजीलैंड की चुनौती और संभावित प्लेइंग इलेवन

चौथे वनडे में 6 विकेट लेकर भारतीय बल्लेबाजी की कमर तोड़ने वाले तेज गेंदबाज मैट हेनरी आखिरी मुकाबले में नहीं खेलेंगे। कीवी टीम के लिए यह एक बड़ा झटका है और उनकी जगह ब्लेयर टिकनर को मौका दिया जा सकता है। बल्लेबाजी की जिम्मेदारी एक बार फिर शानदार फॉर्म में चल रहे विल यंग के कंधों पर होगी।

न्यूजीलैंड की संभावित प्लेइंग-11: टिम साइफर्ट (विकेटकीपर), विल यंग, निक केली, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), क्रिस्टियन क्लार्क, काइल जैमीसन, ब्लेयर टिकनर और मैथ्यू फिशर।

कैसा रहेगा पिच और मौसम का मिजाज?

दरअसल, माउंट माउंगानुई के बे ओवल मैदान की पिच बल्लेबाजों और गेंदबाजों, दोनों के लिए संतुलित मानी जाती है। शुरुआत में नई गेंद से तेज गेंदबाजों को स्विंग और अच्छा उछाल मिलेगा, लेकिन गेंद पुरानी होने पर रन बनाना आसान हो जाएगा। बीच के ओवरों में स्पिनर अहम भूमिका निभा सकते हैं।

इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर 235 रन है, ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी करना पसंद कर सकती है। मौसम की बात करें तो एक्यूवेदर के अनुसार रविवार को बारिश की संभावना महज 15 प्रतिशत है। अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जिससे दर्शकों को पूरा मैच देखने को मिलेगा।

IND vs NZ 5th ODI Preview
15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, मेंस टी-20 क्रिकेट के सबसे युवा कप्तान बनकर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

कब, कहां और कैसे देखें लाइव मैच?

भारत और न्यूजीलैंड के बीच यह निर्णायक मुकाबला 15 नवंबर को भारतीय समयानुसार सुबह 7:30 बजे शुरू होगा। वहीं इस मैच का टॉस सुबह 7 बजे होगा। क्रिकेट फैंस इस मैच का सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। इसके अलावा मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग सोनी लिव ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी।