हॉकी इंडिया विवाद, यौन शोषण से लेकर बदसलूकी तक, बड़े अंधिकारी पर लगे गंभीर आरोप
Hockey India: हॉकी इंडिया के एक अधिकारी पर गंभीर आरोप लगे हैं। गुमनाम ईमेल में यौन उत्पीड़न, सत्ता के दुरुपयोग, अनुचित व्यवहार, करियर को खतरे में डालने और आर्थिक दबाव बनाने के आरोप लगाए गए हैं।
- Written By: संजय बिष्ट
हॉकी इंडिया के अधिकारी पर लगे गंभीर आरोप (फोटो- सोशल मीडिया)
Hockey India Controversy: इस साल होने वाले हॉकी विश्व कप से पहले भारतीय हॉकी गलत कारणों से सुर्खियों में आ गई है। हॉकी इंडिया के एक वरिष्ठ अधिकारी पर यौन उत्पीड़न, दुर्व्यवहार और पद के दुरुपयोग जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। यह पूरा मामला एक गुमनाम ईमेल के जरिए सामने आया है, जिसे लेकर खेल जगत में हलचल मच गई है।
गुमनाम ईमेल से हुआ बड़ा खुलासा
रिपोर्ट के अनुसार, यह ईमेल भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के महानिदेशक, साई की आंतरिक शिकायत समिति की निदेशक कल्पना शर्मा और हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप तिर्की को भेजा गया है। इस मेल में संबंधित अधिकारी के व्यवहार को लेकर लगातार उठ रही चिंताओं का जिक्र किया गया है। दिलीप तिर्की ने भी पुष्टि की है कि हॉकी इंडिया को इस तरह की शिकायत प्राप्त हुई है।
अधिकारी पर लगे गंभीर आरोप
ईमेल में अधिकारी पर कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इसमें महिला अधिकारियों, कोचों और खिलाड़ियों के साथ यौन उत्पीड़न और अनुचित व्यवहार करने की बात कही गई है। साथ ही यह भी आरोप है कि वह लोगों पर निजी और अनुचित बातचीत के लिए दबाव बनाता था और बार-बार अवांछित कॉल करता था। इसके अलावा, मना करने पर करियर को नुकसान पहुंचाने या खत्म करने की धमकी देने के आरोप भी सामने आए हैं। ईमेल में यह भी दावा किया गया है कि कोचिंग कोर्स या पेशेवर अवसरों के नाम पर पैसे की मांग की जाती थी। कुछ मामलों में बिना मांगी तस्वीरें मांगने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं, जो इस पूरे मामले को और गंभीर बना देते हैं।
सम्बंधित ख़बरें
IPL 2026 में KKR ने क्वालिफिकेशन की तरफ बढ़ाया कदम, ईडन गार्डन्स में Mumbai Indians को 4 विकेट से दी शिकस्त
KKR vs MI: कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुंबई को 147 रन पर रोका, दुबे, ग्रीन और त्यागी ने झटके 2-2 विकेट
BCCI का मेगा प्लान तैयार, दलीप ट्रॉफी से होगी घरेलू सीजन की शुरुआत, खेले जाएंगे 1700 से ज्यादा मुकाबले
श्रीलंका में गदर मचाएंगे टीम इंडिया के युवा सितारे, शेड्यूल का हुआ ऐलान, यहां देखें सभी मुकाबलों की पूरी लिस्ट
जांच के लिए बनेगी स्वतंत्र समिति
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप तिर्की ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि संगठन उत्पीड़न से जुड़े आरोपों को बेहद गंभीरता से लेता है। उन्होंने बताया कि इस मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एक स्वतंत्र जांच समिति गठित की जाएगी, जो सभी पहलुओं की गहराई से पड़ताल करेगी।
पहले भी हो चुकी है शिकायत
बताया जा रहा है कि यह पहली बार नहीं है जब इस अधिकारी पर आरोप लगे हैं। साल 2023 में भी इसके खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज की गई थी, जिसके बाद उसने इस्तीफा दे दिया था। हालांकि, सितंबर 2025 में उसे फिर से संगठन में शामिल कर लिया गया।
ये भी पढ़ें: बारिश ने मुकाबले में डाली खलल, फिर भी लाहौर कलंदर की बड़ी जीत, मुल्तान सुल्तान्स की करारी हार
सूत्रों के मुताबिक, हाल ही में हैदराबाद में हुए विश्व कप क्वालिफायर के दौरान भी उसका नाम आधिकारिक कार्यक्रम में सामने आया था। कुछ अंपायरों ने नाम न छापने की शर्त पर आरोप लगाया है कि शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई और आवाज उठाने वालों को नजरअंदाज कर दिया गया।
