

India Beat Pakistan 7-3 FIH Hockey5s: मस्कट में खेले जा रहे FIH यूथ हॉकी5s एशिया चैंपियनशिप 2026 में भारतीय सब-जूनियर पुरुष टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शुक्रवार को लगातार दो मुकाबले जीत लिए। भारत ने पहले मेज़बान ओमान को 10-1 से करारी शिकस्त दी और फिर चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 7-3 से हराकर अपने अभियान को और मजबूत कर दिया।
पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में भारत ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा। पहले हाफ में रोमित पाल (8'), करण गौतम (10') और कप्तान केतन कुशवाहा (10') के गोलों की बदौलत टीम ने 3-0 की बढ़त बना ली। दूसरे हाफ में प्रह्लाद राजभर (12)', शाहरुख अली (16'), राहुल यादव (18') और केतन कुशवाहा (20') ने गोल दागकर भारत की जीत पक्की कर दी। पाकिस्तान की ओर से मुहम्मद उस्मान (12', 15') और कप्तान अदील (17') ने गोल किए, लेकिन भारतीय टीम की आक्रामकता के सामने उनकी वापसी नाकाम रही।
इससे पहले दिन के पहले मुकाबले में भारत ने मेजबान ओमान को 10-1 से हराया। पहले हाफ में ही भारत ने 6-0 की बढ़त बना ली थी। केतन कुशवाहा और शाहरुख अली ने दो-दो गोल किए, जबकि करण गौतम और प्रह्लाद राजभर ने भी शानदार प्रदर्शन किया। दूसरे हाफ में भी भारत का दबदबा जारी रहा और टीम ने कुल 10 गोल दागकर एकतरफा जीत दर्ज की।
भारतीय सब-जूनियर महिला टीम को अपने एलीट पूल मुकाबले में चीन से 3-6 से हार का सामना करना पड़ा। पहले हाफ तक मुकाबला 3-3 की बराबरी पर था। भारत के लिए संदीपा कुमारी ने एक और किरण एक्का ने दो गोल किए। हालांकि दूसरे हाफ में चीन ने शानदार वापसी करते हुए जीत अपने नाम कर ली। चीन की गुओ जियाशिन ने हैट्रिक लगाई, जबकि लू टोंगटोंग ने दो गोल किए।
सबसे ज्यादा ध्यान देने वाली बात ये है कि FIH यूथ हॉकी5s एशिया चैंपियनशिप 2026 पहली बार आयोजित होने वाले FIH यूथ हॉकी5s विश्व कप के लिए एशियाई क्वालिफायर भी है, ऐसे में इस टूर्नामेंट का महत्व और बढ़ जाता है। इस प्रतियोगिता में टीम इंडिया का हर खिलाड़ी विश्व कप के मुख्य टिकट को हासिल करने के लिए मैदान पर अपनी पूरी जान लगा रहा है।