

Arantxa Sanchez Vicario Net Worth Loss: चार बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन और पूर्व विश्व नंबर-1 टेनिस खिलाड़ी अरांत्सा सांचेज विकारियो ने अपनी आर्थिक बर्बादी के लिए पूर्व पति जोसेप सांताकाना को जिम्मेदार ठहराया है। कभी करोड़ों की संपत्ति की मालकिन रहीं स्पेन की दिग्गज खिलाड़ी अब कर्ज चुकाने और आर्थिक संकट से जूझ रही हैं।
अरांत्सा ने अपने बयान मे कहा 'यूनिवर्सो कैलेजो' में कहा कि उन्होंने अपने पति पर आंख मूंदकर भरोसा किया, क्योंकि वो उनके बच्चों के पिता थे। लेकिन बाद में वही भरोसा उनकी सबसे बड़ी गलती साबित हुआ। उन्होंने कहा, 'मैं उनसे बेहद प्यार करती थी और मुझे लगा था कि वो वही इंसान हैं, जिन पर मैं भरोसा कर सकती हूं। लेकिन वो वैसा व्यक्ति नहीं निकले, जैसा मैंने समझा था।'
टेनिस खिलाड़ी अरांत्सा और उनके पूर्व पति पर 2023 में लक्जमबर्ग बैंक का कर्ज चुकाने से बचने के लिए संपत्ति छिपाने का आरोप लगा था। अदालत ने अरांत्सा को दो साल की निलंबित सजा सुनाई और 5.5 मिलियन पाउंड लौटाने का आदेश दिया।
पूर्व टेनिस स्टार का दावा है कि उन्होंने कभी अपने वित्तीय मामलों को नहीं संभाला और पूरी जिम्मेदारी अपने पति को सौंप दी थी। उन्होंने कहा कि उनकी करीब 31 मिलियन पाउंड की संपत्ति गायब हो गई और उसका पूरा बोझ उन पर आ गया।
अरांत्सा सांचेज विकारियो ने बताया कि जेल जाने से बचने के लिए वो आज भी अपनी कमाई का 50 प्रतिशत बैंक को चुका रही हैं। उन्होंने कहा, 'मैं नियमों का पालन कर रही हूं, जबकि असल में मैं खुद भी इस मामले की पीड़ित हूं।'
इस पूरे घटनाक्रम ने उन्हें मानसिक रूप से भी तोड़ दिया। उन्होंने खुलासा किया कि इस सदमे से उबरने के लिए उन्हें थेरेपी का सहारा लेना पड़ा। उनके शब्दों में, 'ऐसा लगा जैसे कोई बुरा सपना हो। मुझे यकीन ही नहीं हो रहा था कि मेरे साथ ऐसा हो सकता है।'
अरांत्सा सांचेज़ विकारियो ने महज 17 साल की उम्र में पहला फ्रेंच ओपन खिताब जीता था। उन्होंने अपने करियर में चार ग्रैंड स्लैम सिंगल्स ट्रॉफियां जीतीं और 1995 में WTA विश्व नंबर-1 बनीं। वह पांच ओलंपिक खेलों में स्पेन का प्रतिनिधित्व भी कर चुकी हैं।
2002 में संन्यास लेने के बाद उन्होंने कोचिंग की दुनिया में कदम रखा और 2015 में पूर्व विश्व नंबर-1 कैरोलीन वोज्नियाकी की कोच भी रहीं। आज, कभी टेनिस कोर्ट पर राज करने वाली ये दिग्गज खिलाड़ी अपनी खोई हुई आर्थिक स्थिरता वापस पाने की जंग लड़ रही हैं।