भारतीय हॉकी टीम (फोटो-सोशल मीडिया)
FIH Pro Hockey League: भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने FIH प्रो लीग में बुधवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्व में तीसरे नंबर की टीम ऑस्ट्रेलिया को पेनल्टी शूटआउट में 3-1 से हराया। यह जीत भारतीय टीम के लिए लंबे समय से चले आ रहे हार के सिलसिले को तोड़ दिया है। निर्धारित समय तक मुकाबला दोनों टीमों के बीच 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ। इस जीत से भारत का मनोबल प्रो लीग के अगले चरण से पहले बढ़ा है।
पहले तीन क्वार्टर में दोनों टीमों ने कड़ी टक्कर दिखाई। भारतीय टीम ने हर तरह से खेल में दबाव बनाए रखा, लेकिन गोल के मौके सीमित रहे। ऑस्ट्रेलिया ने 49वें मिनट में जेरेमी हेवर्ड के पेनल्टी कॉर्नर गोल की मदद से बढ़त हासिल की। हालांकि, यह बढ़त ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी। मात्र दो मिनट बाद शिलाानंद लाकड़ा ने शानदार मैदानी गोल करके स्कोर बराबर कर दिया। इसके बाद दोनों टीमों ने निर्णायक गोल करने की पूरी कोशिश की, लेकिन मैच अपने तय समय में बराबरी पर समाप्त हुआ और पेनल्टी शूटआउट की ओर बढ़ा।
शूटआउट में भारतीय टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। शिलाानंद लाकड़ा, मनिंदर सिंह और विष्णुकांत सिंह ने गोल करके भारत को 3-1 की जीत दिलाई, जबकि ऑस्ट्रेलिया का एकमात्र गोल जेरेमी हेवर्ड ने किया। भारतीय गोलकीपर मोहित शशिकुमार होन्नेनहल्ली ने कई महत्वपूर्ण शॉट्स को रोककर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
भारत के लिए यह जीत मनोबल बढ़ाने वाली रही, क्योंकि राउरकेला चरण में टीम को निराशाजनक प्रदर्शन का सामना करना पड़ा था। वहां भारत ने अपने चारों मैच गंवाए थे। होबार्ट चरण में भी भारत ने स्पेन और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार के साथ शुरुआत की। स्पेन के खिलाफ मंगलवार को खेले गए दूसरे मैच में भी भारत को पेनल्टी शूटआउट में 3-4 से हार का सामना करना पड़ा था।
यह भी पढ़ें: FIFA World Cup 2026 पर मंडराए काले बादल, मेजबान देशों ने सुरक्षा और फंडिंग को लेकर जताई चिंता
वर्तमान में भारत नौ टीमों की इस प्रतियोगिता में आठवें स्थान पर है और आठ मैचों में केवल चार अंक जुटा पाया है। भारत अब रोटरडम चरण में नीदरलैंड और जर्मनी के खिलाफ मुकाबले खेलेगा। रोटरडम में भारत का पहला मैच 21 जून को मेजबान नीदरलैंड के खिलाफ होगा।