

India Beat Zimbabwe By 90 Runs In 2nd T20I: हरारे स्पोर्टस कल्ब में चल रहे भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की T20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में भारत ने जिम्बाब्वे को 90 रनों से हराकर टीम इंडिया ने सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बनाकर ट्रॉफी पर कब्जा भी कर लिया है। । टीम इंडिया ने 20 ओवर में 5 विकेट खोए और 219 रन बनाए। इसके जवाब में जिम्बाब्वे की पारी पूरी तरह से लड़खड़ा गई और उनकी टीम 17.5 ओवर में 129 रन के स्कोर पर ऑलआउट हो गई।
टॉस जीतकर जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। ये भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर की कप्तानी में लगातार दूसरा मुकाबला था, जिसमें वो टॉस हार गए। भारत की ओर से ईशान किशन ने 44 गेंदों में 81 रन की शानदार पारी खेली, जबकि तिलक वर्मा ने 29 गेंदों में 60 नाॅटआउट रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए 94 रन की साझेदारी कर के टीम को 200 रन के पार पहुंचाया।
भारतीय बल्लेबाजों द्वारा दिए गए 220 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत तेज रही। ब्रायन बेनेट ने 19 गेंदों में 32 रन बनाकर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई, जिसमें तीन चौके और तीन छक्के शामिल थे। हालांकि इसके बाद विकेटों का सिलसिला शुरू हुआ और पूरी टीम 129 रन पर ऑलआउट हो गई।
भारत की ओर से अभिषेक शर्मा ने सबसे दमदार गेंदबाजी करते हुए 2.5 ओवर में 17 रन देकर तीन विकेट झटके। अपना पहला मैच खेल रहे यश ठाकुर ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए चार ओवर में 30 रन देकर दो विकेट हासिल किए। प्रिंस यादव ने भी दो विकेट लिए, हालांकि चोट लगने के कारण उन्हें बीच मैच में मैदान छोड़ना पड़ा।
इस जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की T20 सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। सीरीज का तीसरा और अंतिम मुकाबला रविवार को इसी मैदान पर खेला जाएगा।श्रेयस अय्यर के लिए भी ये सीरीज खास रही है। आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर शुरुआती छह हार झेलने के बाद उन्होंने पहले T20 में कप्तान के तौर पर पहली जीत दर्ज की थी और अब दूसरे मुकाबले में जीत के साथ भारत को सीरीज भी जिता दी।