

India Defeats Zimbabwe By 7 Wickets In 1st T20: भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की T20 सीरीज का आगाज शानदार अंदाज में करते हुए पहला मुकाबला 7 विकेट से अपने नाम कर लिया। हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए मैच में भारत ने 126 रनों का लक्ष्य 13.2 ओवर में ही हासिल कर लिया। इस जीत के साथ श्रेयस अय्यर ने T20 कप्तान के रूप में अपनी पहली जीत दर्ज की।
भारतीय तेज गेंदबाजों ने शुरुआत से ही जिम्बाब्वे पर दबाव बना दिया। मयंक यादव (2/18) और प्रिंस यादव (2/19) की शानदार गेंदबाजी के दम पर मेजबान टीम 20 ओवर में 125/7 रन ही बना सकी। जिम्बाब्वे की ओर से केवल वेस्ली मधेवेरे ने 34 गेंदों में 39 रन बनाकर संघर्ष किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने विस्फोटक शुरुआत दिलाई। युवा बल्लेबाज ने महज 19 गेंदों में 50 रन ठोक दिए, जिसमें 4 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। इस पारी के साथ वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे कम उम्र में अर्धशतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए।
वैभव के आउट होने के बाद ईशान किशन ने 24 गेंदों में 35 रन की तेज पारी खेली। कप्तान श्रेयस अय्यर ने 24 गेंदों में नाबाद 28 रन बनाकर टीम को जीत तक पहुंचाया, जबकि तिलक वर्मा ने विजयी रन बनाया। भारतीय बल्लेबाजों ने सूझबूझ से खेलते हुए जिम्बाब्वे के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा और आखरी में 40 गेंद शेष रहते मैच को एकतरफा अंदाज में खत्म कर दिया।
यह मुकाबला श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारत की पहली T20 जीत रही। इस जीत ने उस लगातार हार के सिलसिले को तोड़ा जो उनकी हालिया कप्तानी के दौरान टीम का पीछा कर रहा था। इससे पहले आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर उनकी कप्तानी में भारत लगातार छह मुकाबले हार चुका था। उनकी कप्तानी में लगातार सीरीज में मिली हार ने उनकी लीडरशिप पर बहुत दबाव डाल दिया था, इसलिए जिम्बाब्वे में 7 विकेट से मिली यह शानदार जीत कप्तान और टीम मैनेजमेंट, दोनों के लिए बहुत बड़ी राहत लेकर आई।
भारत और जिम्बाब्वे के बीच दूसरा और तीसरा T20 मुकाबला भी हरारे स्पोर्ट्स क्लब में शनिवार और रविवार को बौक टू बौक खेला जाएगा। भारतीय टीम सीरीज में 1-0 की बढ़त लेकर उतरेगी और सीरीज अपने नाम करने की कोशिश करेगी।