यश दयाल ने श्वेता पुंडीर से रचाई शादी, रेप केस विवाद को पीछे छोड़ शुरू की नई जिंदगी, जानिए कौन हैं उनकी पत्नी?

Yash Dayal: आरसीबी के स्टार तेज गेंदबाज यश दयाल ने गुपचुप तरीके से शादी कर ली है। उन्होंने श्वेता पुंडीर के साथ सात फेरे लिए। दोनों की शादी की खबर सामने आते ही फैंस के बीच चर्चा तेज हो गई है।
Yash Dayal Gets Married Suddenly
यश दयाल ने गुपचुप अंदाज में रचाई शादी (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Yash Dayal Wedding: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के तेज गेंदबाज यश दयाल इन दिनों अपनी क्रिकेट से ज्यादा निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। खबर सामने आई है कि यश दयाल ने पिछले महीने 4 फरवरी को नोएडा में कंटेंट क्रिएटर श्वेता पुंडीर के साथ गुपचुप तरीके से शादी कर ली। यह शादी बेहद सादगी के साथ हुई, जिसमें केवल परिवार के सदस्य और करीबी रिश्तेदार ही शामिल हुए।

इस शादी की खास बात यह रही कि क्रिकेट जगत से कोई बड़ा नाम इस समारोह में नजर नहीं आया। यश दयाल ने इस मामले में अब तक सार्वजनिक तौर पर कोई बयान नहीं दिया है, लेकिन उनकी पत्नी श्वेता पुंडीर ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर इस शादी का खुलासा कर दिया। इसके बाद से ही यह खबर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई।

कानूनी विवादों के कारण भी चर्चा में

यश दयाल की निजी जिंदगी इन दिनों कई विवादों के कारण भी चर्चा में है। शादी की खबर के साथ-साथ उन पर लगे आरोपों को लेकर भी काफी बातें हो रही हैं। एक महिला ने उन पर शादी का झांसा देकर शोषण करने का आरोप लगाया था। इस मामले में उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की आशंका भी बनी हुई थी। हालांकि जनवरी 2026 में राजस्थान हाई कोर्ट से उन्हें अग्रिम जमानत मिल गई, जिससे उन्हें बड़ी राहत मिली। अगर यह राहत नहीं मिलती तो उन्हें गिरफ्तारी का सामना भी करना पड़ सकता था। फिलहाल यह मामला अभी कानूनी प्रक्रिया में है।

नाबालिग क्रिकेटर से जुड़े मामले में भी नाम

यश दयाल का नाम एक और विवाद में भी सामने आया था। जयपुर की एक लड़की ने आरोप लगाया कि साल 2023 में जब वह 17 साल की थी, तब दयाल ने करियर बनाने में मदद के नाम पर उसके साथ गलत व्यवहार किया। इस मामले में सांगानेर सदर थाने में उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई थी। हालांकि यश दयाल के वकील ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है और कहा है कि यह उन्हें फंसाने की साजिश है। उनका कहना है कि घटना के दो साल बाद एफआईआर दर्ज होना कई सवाल खड़े करता है। फिलहाल अदालत ने इस मामले में भी उन्हें अंतरिम सुरक्षा प्रदान की हुई है।

कौन हैं श्वेता पुंडीर?

यश दयाल की पत्नी श्वेता पुंडीर दिल्ली की रहने वाली सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और व्लॉगर हैं। इंस्टाग्राम पर उनके करीब 5.87 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। सोशल मीडिया पर वह अपने कंटेंट और लाइफस्टाइल वीडियो के लिए जानी जाती हैं। इसके अलावा श्वेता ने इंटरकॉन्टिनेंटल लीजेंड्स लीग में ब्रॉडकास्टिंग से भी जुड़कर काम किया है। क्रिकेट से जुड़े इवेंट्स में उनकी मौजूदगी के कारण भी उन्हें अच्छी पहचान मिली है।

आईपीएल 2026 में फिर दिखेंगे मैदान पर

अगर क्रिकेट करियर की बात करें तो 28 साल के यश दयाल आईपीएल 2026 में एक बार फिर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम के लिए खेलते हुए नजर आएंगे। पिछले सीजन में वह उस टीम का हिस्सा थे जिसने आरसीबी को पहली बार आईपीएल चैंपियन बनने में मदद की थी।

हालांकि उनके करियर में एक समय ऐसा भी आया जब उन्हें रिंकू सिंह के खिलाफ लगाए गए लगातार पांच छक्कों की वजह से काफी ट्रोल किया गया। लेकिन इसके बाद उन्होंने शानदार वापसी की और अपनी गेंदबाजी से फिर पहचान बनाई। इतना ही नहीं, उन्हें भारतीय टीम के टेस्ट स्क्वॉड में भी जगह मिल चुकी है, हालांकि अंतरराष्ट्रीय डेब्यू का इंतजार अभी बाकी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com