विल जैक्स (फोटो-सोशल मीडिया)
Will Jacks Create History: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 राउंड की शुरुआत हो चुकी है। सुपर-8 राउंड में इंग्लैंड ने जीत के साथ शुरुआत कर दी है। इंग्लैंड ने श्रीलंका को 51 रनों से हराया। इस जीत के साथ इंग्लैंड के ऑलराउंडर खिलाड़ी विल जैक्स ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। विल जैक्स एक वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार जीतने वाले संयुक्त रूप से दुनिया के दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं।
विल जैक्स ने पावरप्ले में शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट चटकाए। विल जैक्स इंग्लैंड की तरफ से पावरप्ले में तीन विकेट लेने वाले पहले स्पिन गेंदबाज बन गए हैं। अपने स्पेल के दूसरे ओवर में जैक्स ने लगातार दो गेंदों पर 2 विकेट चटकाए। उन्होंने कुशल मेंडिस और पवन रत्नायके को पवेलियन भेजा। वहीं, अगले ओवर में जैक्स ने दुनिथ वेल्लालगे को आउट करते हुए इस खास उपलब्धि को अपने नाम किया। टूर्नामेंट में बल्ले से धमाल मचाने वाले श्रीलंकाई बल्लेबाज जैक्स के आगे बेबस दिखाई दिए।
इंग्लिश गेंदबाज ने अपने 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 22 रन खर्च करते हुए 3 विकेट चटकाए। विकेट चटकाने के साथ-साथ जैक्स पावरप्ले में काफी किफायती भी रहे। उन्होंने बल्ले से भी अहम योगदान दिया। विल जैक्स ने 150 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 14 गेंदों में 21 रन बनाए। इस प्रदर्शन के दम पर विल जैक्स को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 146 रन बनाए। टीम की तरफ से फिल साल्ट ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 40 गेंदों में 62 रनों की शानदार पारी खेली। अपनी इस इनिंग के दौरान साल्ट ने 6 चौके और 2 सिक्स लगाए। हालांकि, उन्हें दूसरे छोर से बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका। जोस बटलर, हैरी ब्रूक और जैकब बेथेले जैसे धाकड़ बल्लेबाजों का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा। बटलर 14 गेंदें खेलने के बाद सिर्फ 7 रन ही बना सके, जबकि ब्रूक 14 रन बनाकर आउट हुए।
यह भी पढ़ें: T20 World Cup Super-8 में इंग्लैंड ने जीत के साथ की शुरुआत, श्रीलंका को 51 रनों से रौंदा
इंग्लैंड से मिले 147 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की पूरी टीम 16.4 ओवर में सिर्फ 95 रन बनाकर सिमट गई। इंग्लैंड के गेंदबाजों के आगे श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने आसानी से घुटने टेक दिए। टीम ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए। श्रीलंका की तरफ से कप्तान दासुन शनाका ने सर्वाधिक 30 रन बनाए। हालांकि, उन्हें बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका। शनाका के अलावा कामिंदु मेंडिस ने 13 रनों का योगदान दिया, जबकि दुनिथ वेल्लालगे ने 10 रन बनाए।