ZIM vs WI: टी20 विश्व कप में नहीं बज रहा वेस्टइंडीज का राष्ट्र गान, कारण ऐसा कि ICC भी हो गया मजबूर

WI T20 WC 2026: एक दौर में क्रिकेट पर राज करने वाली वेस्टइंडीज टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 में दमदार वापसी कर रही है, लेकिन हैरानी की बात है कि मैच से पहले उसका नेशनल एंथम नहीं बज रहा है।
West Indies national anthem not being played at T20 World Cup
वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

West Indies National Anthem: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में वेस्टइंडीज की टीम शानदार प्रदर्शन कर रही है। लीग स्टेज में सभी मुकाबले जीतकर उसने एक बार फिर अपना दबदबा दिखाया है। सुपर 8 में भी टीम आत्मविश्वास के साथ उतरी है। हालांकि टूर्नामेंट के दौरान एक बात ने फैंस का ध्यान खींचा है—वेस्टइंडीज का नेशनल एंथम मैच से पहले नहीं बज रहा।

क्यों नहीं बज रहा वेस्टइंडीज का नेशनल एंथम?

दरअसल वेस्टइंडीज कोई एक स्वतंत्र देश नहीं है, बल्कि कैरेबियाई क्षेत्र के 15 देशों और क्षेत्रों का समूह है, जो मिलकर एक संयुक्त क्रिकेट टीम बनाते हैं। यही वजह है कि आईसीसी टूर्नामेंट में किसी एक देश का राष्ट्रगान बजाना संभव नहीं होता। वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम में एंटीगुआ और बारबुडा, बारबाडोस, डोमिनिका, ग्रेनाडा, गुयाना, जमैका, सेंट किट्स और नेविस, सेंट लूसिया, सेंट विंसेंट और ग्रेनेडाइंस, त्रिनिदाद और टोबैगो समेत कई अन्य कैरेबियाई क्षेत्रों के खिलाड़ी शामिल होते हैं। कुछ क्षेत्र ब्रिटिश, डच या अमेरिकी प्रशासन से जुड़े हैं। ऐसे में किसी एक देश का राष्ट्रगान बजाना बाकी देशों के साथ न्याय नहीं होगा।

1999 से शुरू हुई क्रिकेट एंथम की परंपरा

इसी कारण 1999 से वेस्टइंडीज ने अपने मैचों से पहले आधिकारिक “क्रिकेट एंथम” बजाने की परंपरा शुरू की। डेविड रूडर का मशहूर कैलिप्सो गीत “रैली राउंड द वेस्ट इंडीज” को टीम ने अपना क्रिकेट एंथम अपनाया। यह गीत 1980 के दशक में लिखा गया था और कैरेबियाई एकता का प्रतीक माना जाता है। इससे पहले एक समय ऐसा भी था जब कप्तान जिस देश से होता था, उसी देश का राष्ट्रगान बजाया जाता था। लेकिन इस व्यवस्था से बाकी देशों के खिलाड़ी संतुष्ट नहीं थे। इसलिए संयुक्त पहचान को मजबूत करने के लिए क्रिकेट एंथम को अपनाया गया।

20 मिनट लग सकते थे राष्ट्रगान में

अगर वेस्टइंडीज के सभी सदस्य देशों के राष्ट्रगान बजाए जाएं, तो मैच से पहले करीब 20 मिनट का समय लग सकता है। यही व्यावहारिक कारण भी है कि आईसीसी टूर्नामेंट में केवल उनका क्रिकेट एंथम बजाया जाता है। हाल के वर्षों में घरेलू सीरीज के दौरान युवा दर्शकों को जोड़ने के लिए “फुल आह एनर्जी” जैसे गानों का भी इस्तेमाल किया गया है। वेस्टइंडीज की टीम मैदान पर एकजुट होकर खेलती है और यही उसकी असली पहचान है। राष्ट्रगान की जगह क्रिकेट एंथम बजना उसी एकता का प्रतीक है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com