

IND vs SA, T20 World Cup 2026: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेले गए मुकाबले के बाद एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो साउथ अफ्रीकी ऑलराउंडर ट्रिस्टन स्टब्स से जुड़ा है। वायरल क्लिप में वह स्टेडियम में बैठे दर्शकों की ओर गुस्से में इशारा करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आते ही फैंस के बीच चर्चा शुरू हो गई कि आखिर स्टब्स भारतीय बल्लेबाजी के दौरान दर्शकों से क्यों उलझ गए।
दरअसल यह घटना उस समय की है जब शिवम दुबे आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे थे। दुबे ने एक जोरदार छक्का लगाया और गेंद सीधे स्टैंड में बैठे दर्शकों के बीच जा गिरी। मैच दोबारा शुरू करने के लिए गेंद को मैदान में लौटाना जरूरी था। इसी दौरान ट्रिस्टन स्टब्स दर्शकों से गेंद वापस करने की अपील कर रहे थे, लेकिन कुछ फैंस गेंद लौटाने में देर कर रहे थे। इसी वजह से स्टब्स थोड़े नाराज नजर आए और दर्शकों की ओर इशारा करते दिखे। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को देखकर कई लोगों ने इसे गलतफहमी में बहस का रूप दे दिया, जबकि मामला केवल गेंद वापस लेने से जुड़ा था।
वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आने लगीं। कुछ यूजर्स ने स्टब्स के व्यवहार की आलोचना की, तो कुछ ने कहा कि खिलाड़ी मैच की गति बनाए रखने के लिए ऐसा कर रहे थे। धीरे-धीरे साफ हुआ कि यह कोई व्यक्तिगत विवाद नहीं था, बल्कि खेल को दोबारा शुरू करने की प्रक्रिया का हिस्सा था।
मैदान पर प्रदर्शन की बात करें तो ट्रिस्टन स्टब्स ने भारत के खिलाफ शानदार पारी खेली। उन्होंने 24 गेंदों में 44 रन बनाए, जिसमें एक चौका और तीन छक्के शामिल थे। उनका स्ट्राइक रेट 183.33 का रहा, जिसने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। फील्डिंग में भी स्टब्स ने कमाल दिखाया। केशव महाराज के एक ओवर में गिरे तीनों विकेटों पर कैच स्टब्स ने ही लपके। इसके अलावा उन्होंने हार्दिक पांड्या के आखिरी ओवर में 20 रन बटोरकर टीम का स्कोर 187 तक पहुंचाने में योगदान दिया।