टेस्ट रिटायरमेंट से हुए फायदा... आर. अश्विन ने विराट कोहली को लेकर कह दी ये बड़ी बात

Virat Kohli IPL 2026: आईपीएल 2026 में विराट कोहली शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। इसी बीच आर अश्विन ने उनकी बल्लेबाजी की तारीफ करते हुए बड़ा बयान दिया है, जो अब चर्चा का विषय बन गया है।
R Ashwin statement on Virat Kohli
आर. अश्विन और विराट कोहली (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

R. Ashwin on Virat Kohli: आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय टी20 और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद कोहली ने अपने खेल में बदलाव किया है, जिसका असर उनके प्रदर्शन में साफ दिखाई दे रहा है। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पहले मैच में अर्धशतक जड़ने के बाद उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ भी तेजतर्रार पारी खेली और टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई।

बल्लेबाजी तकनीक में आया बदलाव

पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने कोहली की बल्लेबाजी में आए बदलाव पर विस्तार से बात की। उन्होंने कहा, "विराट 2024 में भी टेस्ट क्रिकेट खेल रहे थे। वे बहुत शांत थे बल्ला ज्यादा नहीं हिलता था। लेकिन अब, यहां 2026 में बल्ला शुरू में नीचे रहता है और बाद में वे उसे ऊपर लाते हैं जिसे हम पोटेंशियल एनर्जी कहते हैं या बल्ले का लगातार हिलना और वे अच्छी पोजिशन में आ रहे हैं। 2024 में उनका सिर इतना शांत था कि उनके पैरों का हिलना भी संतुलित था क्योंकि वे तब भी टेस्ट क्रिकेट खेल रहे थे। 2026 में क्योंकि वे अब टेस्ट क्रिकेट नहीं खेलते हैं इसलिए उन्हें अपने हाथों पर उतना नियंत्रण नहीं करना पड़ता।"

स्ट्राइक रेट में हुआ सुधार

पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने भी विराट कोहली की तकनीक में बदलाव को लेकर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा, "उस बैकलिफ्ट की वजह से, उन्हें वह मोमेंटम ज्यादा पावर मिल रही है और इसीलिए स्ट्राइक रेट बढ़ गया है। जब आप गेंदबाज के गेंद करने से पहले स्थिर खड़े होते हैं तो आपको वह मोमेंटम नहीं मिलता जो आप बड़े शॉट लगाने के लिए बनाना चाहते हैं लेकिन जब आप बल्ला नीचे लाते हैं फिर ऊपर लाते हैं तो आपके पास पहले से ही वह मोमेंटम होता है।"

दिग्गजों के नाम पर स्टैंड का नामकरण

आरसीबी और सीएसके के बीच मुकाबले से पहले एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में भारतीय क्रिकेट के दिग्गजों को सम्मानित किया गया। इस दौरान पूर्व कप्तान अनिल कुंबले के नाम पर भी एक स्टैंड का नाम रखा गया। इस मौके पर कुंबले ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, "मैंने कभी नहीं सोचा था कि चिन्नास्वामी स्टेडियम में मेरे नाम पर एक परमानेंट एंड होगा। यह एक खास एहसास है। मैं 9 साल का था जब मैं पहली बार कर्नाटक और तमिलनाडु के बीच रणजी ट्रॉफी मैच देखने इस स्टेडियम में आया था। मुझे पवेलियन एंड दिया गया है, शायद इसलिए क्योंकि यह पवेलियन के पास है और आपको वहां से गेंदबाजी करने के लिए रन-अप की जरूरत नहीं है। जब मैं खेलता था तो मैंने दोनों एंड से बहुत गेंदबाजी की।"

Navbharat Live
navbharatlive.com