IPL 2026 के बीच मुंबई इंडियंस को मिली राहत, RCB के खिलाफ मुकाबले में उतरेंगे सूर्यकुमार यादव

MI vs RCB: मुंबई इंडियंस के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव पिता बनने के 48 घंटे बाद ही रायपुर पहुंचकर आरसीबी के खिलाफ आईपीएल 2026 मैच खेलने के लिए टीम से जुड़ेंगे।
Suryakumar Yadav Can Played Agaist RCB in 10th May Match
सूर्यकुमार यादव (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Suryakumar Yadav Update: मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच 10 मई रविवार को रायपुर में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 54वां मैच खेला जाना है, जिसमें खेलने के लिए एमआई के दिग्गज बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव पूरी तरह से तैयार हैं। सूर्या हाल ही में पिता बने हैं, लेकिन परिवार में नए सदस्य के आने के ठीक 48 घंटे बाद वह आईपीएल मैच के लिए रायपुर पहुंच जाएंगे।

सूर्या ने टीम मैनेजमेंट से की बात

'क्रिकबज' के मुताबिक, सूर्या ने अपनी उपलब्धता को लेकर टीम मैनेजमेंट को बता दिया है। अब जल्द ही उनके रायपुर पहुंचने की उम्मीद है। यह हार्दिक पांड्या की रिकवरी पर निर्भर करेगा कि क्या सूर्यकुमार यादव उनके स्थान पर इस मैच के लिए टीम की कमान संभालेंगे या नहीं? क्योंकि पांड्या पीठ में खिंचाव के कारण लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ मैच नहीं खेल पाए थे।

हार्दिक पांड्या ने पास किया फिटनेस टेस्ट

रिपोर्ट्स के मुताबिक, हार्दिक पांड्या ने शुक्रवार को फिटनेस टेस्ट पास किया है। अब सब कुछ मुंबई इंडियंस के स्पोर्ट्स मेडिसिन के हेड बेन लैंगली और फिजियो नितिन पटेल पर निर्भर करता है। भले ही पांड्या ने रायपुर में टीम के साथ अभ्यास नहीं किया, लेकिन उम्मीद है कि वह शाम को बाद में अभ्यास करेंगे।

मुंबई इंडियंस फिलहाल 10 में से 7 मैच गंवाकर प्वाइंट्स टेबल में 9वें पायदान पर मौजूद है। इस टीम ने अपना पहला मैच 6 विकेट से जीता था, जिसके बाद लगातार 4 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद एमआई ने गुजरात टाइटंस (जीटी) के विरुद्ध मुकाबला जीता, लेकिन फिर उसे लगातार 3 मैच में हार का सामना करना पड़ा। भले ही एमआई ने अपने पिछले मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) को शिकस्त देकर फिर से जीत की राह पकड़ी है, लेकिन अगले चार मैच जीतकर भी उसके पास 14 ही अंक होंगे। आमतौर पर आखिरी 4 (प्लेऑफ) के चरण में पहुंचने के लिए 16 अंकों की दरकार होती है।

रविवार को रायपुर में आरसीबी के खिलाफ मैच के बाद एमआई 14 मई को पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले के लिए धर्मशाला जाएगी। इसके बाद 20 मई को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ ईडन गार्डन्स में मुकाबला खेला जाएगा। 24 मई को वानखेड़े में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले के साथ मुंबई इंडियंस अपने लीग चरण का समापन करेगी।

IANS इनपुट के साथ 

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com