

UAE Cricket Team: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान यूनाइटेड अरब अमीरात (यूएई) की टीम में अहम बदलाव किया गया है। आईसीसी की इवेंट टेक्निकल कमेटी (ETC) ने मोहम्मद ज़ोहैब की जगह हैदर शाह को टीम में शामिल करने की मंजूरी दे दी है। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने बुधवार 11 फरवरी को जारी बयान में इसकी पुष्टि की, हालांकि खिलाड़ी के हटने की विस्तृत वजह सार्वजनिक नहीं की गई।
आईसीसी की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, मोहम्मद ज़ोहैब को टीम से हटाने का फैसला खिलाड़ी की मेंटल हेल्थ और टीम वेलफेयर से जुड़ी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए लिया गया। इसके बाद टीम मैनेजमेंट ने हैदर शाह को रिप्लेसमेंट के तौर पर चुना, जिन्हें अब आधिकारिक रूप से स्क्वॉड में शामिल कर लिया गया है।
हैदर शाह पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यूएई का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और अब तक 16 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेल चुके हैं। उनके पास इस फॉर्मेट का अनुभव है, जिसे टीम आगे के मुकाबलों में भुनाना चाहेगी। यूएई के लिए यह बदलाव ऐसे समय पर हुआ है जब टीम टूर्नामेंट में मजबूत प्रदर्शन की तलाश में है।
आईसीसी के किसी भी बड़े टूर्नामेंट में यदि कोई टीम अपने स्क्वॉड में बदलाव करना चाहती है तो इसके लिए इवेंट टेक्निकल कमेटी की मंजूरी अनिवार्य होती है। इस कमेटी में आईसीसी और आयोजन से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी शामिल होते हैं। टी20 वर्ल्ड कप 2026 की ETC में वसीम खान (ICC जनरल मैनेजर – क्रिकेट), गौरव सक्सेना (IBC प्रतिनिधि), हेमांग अमीन (होस्ट प्रतिनिधि) और शॉन पोलक (स्वतंत्र प्रतिनिधि) शामिल हैं।
इस बदलाव के बाद यूएई की टीम में मोहम्मद वसीम (कप्तान), अलीशान शराफू, आर्यांश शर्मा, ध्रुव पराशर, हैदर अली, हर्षित कौशिक, जुनैद सिद्दीकी, मयंक कुमार, मोहम्मद अरफान, मोहम्मद फारूक, मोहम्मद जवादुल्लाह, हैदर शाह, रोहिद खान, सोहैब खान और सिमरनजीत सिंह शामिल हैं।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में यूएई को ग्रुप डी में रखा गया है, जहां दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड, अफगानिस्तान और कनाडा जैसी मजबूत टीमें मौजूद हैं। यूएई को अपने पहले मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ 10 विकेट की हार झेलनी पड़ी थी। ऐसे में टीम आगामी मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन कर वापसी करने की कोशिश करेगी।