BCCI का दोहरा वार! RCB के ऑलराउंडर पर लगा जुर्माना, तो कप्तान हार्दिक पांड्या को भी मिली बड़ी सजा

IPL 2026: आईपीएल 2026 के 20वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच हाई-स्कोरिंग मैच हुआ, जिसमें आरसीबी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की।
Hardik Pandya and Tim David
हार्दिक पांड्या और टिम डेविड (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

IPL Match Fees Fine: आईपीएल 2026 के रोमांचक मुकाबलों के बीच अब अनुशासन को लेकर भी सख्ती साफ नजर आने लगी है। मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेले गए मैच के बाद नियमों के उल्लंघन पर खिलाड़ियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। बोर्ड ने स्पष्ट कर दिया है कि टूर्नामेंट में अनुशासन से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

टिम डेविड और हार्दिक पांड्या पर कार्रवाई

इस मुकाबले के बाद आरसीबी के स्टार ऑलराउंडर टिम डेविड पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। इसके साथ ही उन्हें एक डिमेरिट प्वाइंट भी दिया गया है। यह कार्रवाई आईपीएल के कोड ऑफ कंडक्ट के लेवल-1 उल्लंघन के तहत की गई। वहीं मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या पर स्लो ओवर रेट के कारण 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। यह इस सीजन में उनकी टीम की पहली गलती थी, लेकिन बोर्ड ने इसे भी गंभीरता से लिया।

अंपायर के निर्देशों की अनदेखी पड़ी भारी

टिम डेविड पर आरोप है कि उन्होंने मैच के दौरान अंपायर के निर्देशों का सही तरीके से पालन नहीं किया। पहली घटना 18वें ओवर में हुई, जब अंपायर ने गेंद बदलने का फैसला किया, लेकिन डेविड गेंद को तुरंत वापस देने में देरी करते नजर आए। इसके बाद 20वें ओवर में भी उन्होंने इसी तरह की गलती दोहराई और अंपायर के बार-बार कहने के बावजूद गेंद देने में देरी की। इसे नियमों की अनदेखी माना गया, जिसके चलते उन पर कार्रवाई की गई। हालांकि डेविड ने अपनी गलती स्वीकार कर ली और मैच रेफरी के फैसले को मान लिया।

आरसीबी की शानदार जीत

12 अप्रैल को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में आरसीबी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 18 रनों से जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 240 रन बनाए। इस दौरान फिलिप सॉल्ट ने 36 गेंदों में 78 रनों की धमाकेदार पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। विराट कोहली ने भी अर्धशतक लगाया, जबकि कप्तान रजत पाटीदार ने 53 रन बनाए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 222 रन ही बना सकी और उसे 18 रनों से हार झेलनी पड़ी। यह टीम की लगातार तीसरी हार रही, जिससे उनकी स्थिति और कमजोर हो गई है। इस पूरे घटनाक्रम से साफ है कि आईपीएल में अब सिर्फ प्रदर्शन ही नहीं, बल्कि अनुशासन भी उतना ही जरूरी हो गया है और नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com