27 नवंबर को हो सकती है WPL 2026 की नीलामी, BCCI ने सभी फ्रेंचाइजियों को भेजी सूचना: सूत्र

बीसीसीआई ने विमेंस प्रीमियर लीग 2026 की तैयारी शुरू कर दी है। अगला सीजन 27 नवंबर को नई दिल्ली में मेगा नीलामी के साथ शुरू होगा। सभी फ्रेंचाइजियों को इसकी जानकारी दे दी गई है।
विमेंस प्रीमियर लीग 2026 के लिए नीलामी 27 नवंबर को नई दिल्ली में होगी: सूत्र
सूत्रों के मुताबिक डब्ल्यूपीएल 2026 के लिए दिल्ली में 27 नवंबर को नीलामी हो सकती है (फोटो- सोशल मीडिया)
Updated on

WPL 2026: महिला विश्व कप 2025 के सफल समापन के बाद बीसीसीआई ने अब महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2026 की तैयारियों पर काम तेज कर दिया है। बोर्ड अगले सीजन के लिए मेगा नीलामी आयोजित करने जा रहा है, जिसके लिए सभी व्यवस्थाएं लगभग तय कर ली गई हैं।

27 नवंबर को नई दिल्ली में होगी मेगा नीलामी

आईएएनएस की रिपोर्ट के अनुसार, बीसीसीआई ने सभी पांच फ्रेंचाइजियों को सूचित किया है कि नीलामी 27 नवंबर को नई दिल्ली में होगी। नीलामी स्थल एरोसिटी स्थित किसी आलीशान होटल में तय किया जा सकता है, जहां सभी टीमों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। महिला प्रीमियर लीग 2026 के लिए खिलाड़ियों को रिटेन करने की समय सीमा बुधवार तक है। मुंबई इंडियंस, आरसीबी, दिल्ली कैपिटल्स, यूपी वॉरियर्स और गुजरात जायंट्स अपनी रिटेन लिस्ट जल्द जारी कर सकती हैं। महिला विश्व कप की वजह से लिस्ट अब तक नहीं आ सकी है।

ये है नियम

प्रत्येक फ्रेंचाइजी को अधिकतम तीन कैप्ड भारतीय खिलाड़ी, दो विदेशी खिलाड़ी और दो अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ियों को रिटेन करने की अनुमति होगी। यदि कोई टीम पांच खिलाड़ियों को रिटेन करना चाहती है, तो कम से कम एक अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी होना चाहिए। नीलामी की राशि 15 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है।

मेगा नीलामी में खिलाड़ियों के पंजीकरण की अंतिम तिथि 18 नवंबर है, जबकि नीलामी में शामिल खिलाड़ियों की अंतिम सूची 20 नवंबर को जारी की जाएगी। रिटेंशन स्लैब को भी परिभाषित किया गया है। खिलाड़ी 1 के लिए 3.5 करोड़ रुपये, खिलाड़ी 2 के लिए 2.5 करोड़ रुपये, खिलाड़ी 3 के लिए 1.75 करोड़ रुपये, खिलाड़ी 4 के लिए 1 करोड़ रुपये और खिलाड़ी 5 के लिए 50 लाख रुपये। राइट टू मैच विकल्प के तहत, फ्रेंचाइजी पिछले सीजन में शामिल खिलाड़ियों को वापस खरीद सकेंगी।

रिटेन किए गए खिलाड़ियों की संख्या के आधार पर पांच खिलाड़ियों के लिए 9.25 करोड़ रुपये, चार के लिए 8.75 करोड़ रुपये, तीन के लिए 7.75 करोड़ रुपये, दो के लिए 6 करोड़ रुपये और एक के लिए 3.5 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया है। कम खिलाड़ियों को रिटेन करने वाली टीमों के पास आरटीएम के ज्यादा अधिकार होंगे।

IANS इनपुट के साथ

Navbharat Live
navbharatlive.com