टीम इंडिया में जल्द होगा वैभव सूर्यवंशी का डेब्यू? इस साल कई खिलाड़ियों को मौका देने की तैयारी में BCCI

India cricket Schedule: भारत ने T20 WC 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। अब मैनेजमेंट आगामी श्रीलंका, बांग्लादेश और जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में युवा खिलाडियों को मौका देने की तैयारी में हैं।
जल्द टीम इंडिया में होगा वैभव सूर्यवंशी का डेब्यू? इस साल कई नई खिलाड़ियों को मौका देगा BCCI
वैभव सूर्यवंशी (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Indian Cricket Team in 2026: भारतीय क्रिकेट टीम का इस साल का अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम काफी व्यस्त हो सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक आने वाले महीनों में टीम इंडिया को कई अतिरिक्त मुकाबले खेलने पड़ सकते हैं। फिलहाल तय कार्यक्रम के अनुसार जून में भारत को अफगानिस्तान के खिलाफ एक टेस्ट और तीन एकदिवसीय मुकाबले खेलने हैं। इसके बाद जुलाई में इंग्लैंड दौरे पर जाना है, जहां पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय और तीन एकदिवसीय मुकाबलों की शृंखला खेली जाएगी।

युवा खिलाड़ियों को मिल सकता है मौका

टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों की संख्या बढ़ना भारतीय क्रिकेट के लिए अच्छी खबर मानी जा रही है। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया हाल ही में टी20 विश्व कप 2026 जीत चुकी है और फिलहाल अगले टी20 विश्व कप की तैयारी का ज्यादा दबाव भी नहीं है। ऐसे में टीम का मुख्य फोकस 2027 के एकदिवसीय विश्व कप पर रहेगा। इसी वजह से श्रीलंका, जिम्बाब्वे और आयरलैंड जैसी शृंखलाओं में कुछ सीनियर खिलाड़ियों को आराम दिया जा सकता है। इससे युवा खिलाड़ियों को मौका मिलने की संभावना बढ़ जाएगी। वैभव सूर्यवंशी और प्रियांश आर्य जैसे उभरते खिलाड़ियों को भी इसी तरह के मुकाबलों में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने का अवसर मिल सकता है। साथ ही आईपीएल 2026 भी इन खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने का बड़ा मंच साबित हो सकता है।

इंग्लैंड दौरे से पहले आयरलैंड में हो सकते हैं तीन मुकाबले

एक रिपोर्ट के अनुसार भारतीय टीम इंग्लैंड जाने से पहले आयरलैंड में भी रुक सकती है। वहां डबलिन में तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले जाने की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने भी भारत से तीन अतिरिक्त टी20 मुकाबले खेलने का अनुरोध किया है। बताया जा रहा है कि ये मुकाबले पिछले साल नवंबर में आए चक्रवात दितवाह से हुए नुकसान के बाद राहत कोष जुटाने के लिए आयोजित किए जा सकते हैं।

सितंबर में कई शृंखलाओं का दबाव

सितंबर का महीना भी भारतीय टीम के लिए काफी व्यस्त हो सकता है। वेस्टइंडीज की टीम भारत दौरे पर आने वाली है, जहां तीन एकदिवसीय और पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले जाएंगे। इसी दौरान भारत को संयुक्त अरब अमीरात में अफगानिस्तान के खिलाफ तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों की शृंखला भी खेलनी है।

एशियाई खेलों में अलग टीम उतरने की संभावना

इसी समय जापान के नागोया शहर में एशियाई खेल 2026 का आयोजन भी होगा। क्रिकेट प्रतियोगिता 25 सितंबर से तीन अक्टूबर तक खेली जाएगी। भारत इस प्रतियोगिता का मौजूदा विजेता है, इसलिए खिताब बचाने की जिम्मेदारी भी होगी। व्यस्त कार्यक्रम को देखते हुए संभावना है कि एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम अलग खिलाड़ियों के साथ मैदान में उतरे।

रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि इसी समय एक छोटा दौरा और जोड़ा जा सकता है। चर्चा है कि भारतीय टीम तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के लिए जिम्बाब्वे का दौरा भी कर सकती है। हालांकि इस दौरे को लेकर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है। अक्टूबर के मध्य से भारत का लंबा न्यूजीलैंड दौरा भी तय है। इस शृंखला में पांच एकदिवसीय, पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय और दो टेस्ट मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच 22 अक्टूबर से शुरू होने वाला है। इसके अलावा भारत को बांग्लादेश का दौरा भी करना है, जहां तीन एकदिवसीय और तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले प्रस्तावित हैं। हालांकि दोनों देशों के बीच बढ़ते कूटनीतिक तनाव के कारण इस शृंखला को अभी आधिकारिक मंजूरी नहीं मिली है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com