पहले टी20 में बांग्लादेश ने नीदरलैंड को 8 विकेट से हराया, तस्किन अहमद ने झटके 4 विकेट

Bangladesh beat Netherlands first T20 Match: बांग्लादेश की इस जीत के हीरे उसके तेज गेंदबाज तस्किन अहमद रहे। मुकाबले में उन्होंने नीदरलैंड के चार बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया।
टी20 सीरीज : तस्किन अहमद का चौका, बांग्लादेश ने नीदरलैंड को 8 विकेट से धोया
तस्किन अहमद (फोटो- IANS)
Published on
Updated on

Bangladesh vs Netherlands: बीते शनिवार 30 अगस्त को बांग्लादेश और नीदरलैंड के बीच सीरीज का पहला टी20 मुकाबला खेला गया। इस दौरान बांग्लादेश ने नीदरलैंड को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी। इसके साथ ही दोनों टीमों के बीच खेली जा रही तीन मुकाबलों की टी20 सीरीज में बांग्लादेश ने 1-0 के साथ बढ़त बना ली है।

सीरीज के पहले टी20 मुकाबले में बांग्लादेश के कप्तान ने टॉस जीता। टॉस जीतकर उन्होंने नीदरलैंड को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया। सिलहट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी नीदरलैंड की टीम निर्धारित ओवरों में आठ विकेट खोकर सिर्फ 136 रन ही बना सकी।

सलामी बल्लेबाज विक्रमजीत सिंह और मैक्स ओ'डॉड ने 3.1 ओवरों में 25 रन की साझेदारी की। मैक्स 15 गेंदों में 23 रन बनाकर पवेलियन लौटे। कुछ देर बाद विक्रमजीत (4) भी चलते बने। नीदरलैंड 7.1 ओवरों में दो विकेट गंवाकर महज 38 रन ही बना सकी थी, लेकिन विकेट गिरने का सिलसिला रुक नहीं सका।

तस्किन अहमद ने झटके चार विकेट

तेजा निदामनुरु 26 गेंदों में तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 26 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि आर्यन दत्त ने 8 गेंदों में 13 रन की नाबाद पारी खेली। विपक्षी टीम के लिए तस्किन अहमद ने 28 रन देकर सर्वाधिक चार विकेट निकाले। उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। तस्किन के अलावा, सैफ हसन ने दो और मुस्तफिजुर रहमान ने एक शिकार किया।

आसान टारगेट का पीछा करने उतरी बांग्लादेशी टीम ने महज 13.3 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस टीम ने 26 के स्कोर पर परवेज हुसैन एमोन (15) का विकेट गंवा दिया था, जहां से तंजीद हसन तमीम ने कप्तान लिटन दास के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 66 रन की साझेदारी करते हुए टीम को जीत के करीब ला दिया।

तंजीद हसन तमीम 24 गेंदों में 29 रन बनाकर आउट हुए। उनकी इस पारी में दो चौके शामिल थे। इसके बाद लिटन दास ने सैफ हसन के साथ तीसरे विकेट के लिए 46 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को आसान जीत दिलाई। कप्तान ने 29 गेंदों में दो छक्कों और छह चौकों की मदद से 54 रन की नाबाद पारी खेली, जबकि सैफ हसन 19 गेंदों में 36 रन बनाकर नॉटआउट रहे। नीदलैंड की तरफ से आर्यन दत्त और टिम प्रिंगल ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।

एजेंसी इनपुट के साथ

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com