AFG vs SA: हार के बावजूद अफगानिस्तान ने रचा इतिहास, साउथ अफ्रीका ने छोड़ी नहीं अपनी लय

Afghanistan Cricket Team: अफगानिस्तान और साउथ अफ्रीका के बीच टी20 विश्व कप में बुधवार को रोमांचक मुकाबला हुआ। इस मुकाबले में दो-दो बार हुए सुपरओवर ने दर्शकों की सांसे रोक दी।
AFG vs SA: हार के बावजूद अफगानिस्तान ने रचा इतिहास, साउथ अफ्रीका ने छोड़ी नहीं अपनी लय
अफगानिस्तान क्रिकेट टीम (फोटो- सोशल मीडिया)
Updated on

AFG vs SA Super Over: अफगानिस्तान और साउथ अफ्रीका के बीच खेले गए टी20 विश्व कप 2026 के मुकाबले ने रोमांच की सारी सीमाएं पार कर दीं। मैच की शुरुआत में किसी को अंदाजा नहीं था कि दोनों टीमों को दो-दो सुपर ओवर तक जाना पड़ेगा। हालांकि, इतनी मेहनत और ड्रामे के बावजूद अफगानिस्तान को हार का सामना करना पड़ा। बावजूद इसके, अफगानिस्तान ने हारकर भी इतिहास रच दिया, जबकि साउथ अफ्रीका ने अपनी जीत का सिलसिला जारी रखा।

सुपर ओवर की आखिरी बॉल ने किया फैसला

टी20 विश्व कप 2026 का यह मुकाबला लंबे समय तक याद रखा जाएगा। 20 ओवर के सामान्य मैच के बाद भी स्कोर बराबर रहा। इसके बाद पहला सुपर ओवर भी टाई हो गया। दूसरे सुपर ओवर की आखिरी बॉल पर ही यह तय हुआ कि अफगानिस्तान मैच हार गई और साउथ अफ्रीका को जीत मिली। अफगानिस्तान अब ऐसी पहली टीम बन गई है, जिसने डबल सुपर ओवर वाले दो मैच हारने का रिकॉर्ड बनाया है।

अफगानिस्तान की डबल सुपर ओवर की कहानी

अफगानिस्तान ने पहला सुपर ओवर मैच 2020 में आयरलैंड के खिलाफ खेला था। फिर 2024 में भारत के खिलाफ बेंगलुरु में डबल सुपर ओवर खेला और हार का सामना किया। अब 2026 में टी20 विश्व कप में लगातार दूसरा डबल सुपर ओवर खेलते हुए अफगानिस्तान को हार मिली। इस तरह टीम दो डबल सुपर ओवर हारने वाली पहली टीम बन गई।

साउथ अफ्रीका का सुपर ओवर में रिकॉर्ड

साउथ अफ्रीका की टीम अब तक सुपर ओवर में कभी हारी नहीं है। साल 2019 में श्रीलंका के खिलाफ जीत दर्ज करने के बाद यह टीम लगातार सफल रही। अफगानिस्तान के खिलाफ डबल सुपर ओवर में भी टीम ने जीत हासिल कर अपनी मेहनत और क्षमता साबित की।

मुकाबले का अंतिम ड्रामाई पल

मैच का फैसला 24वीं बॉल पर हुआ। पहले 40 ओवर और उसके बाद सुपर ओवर की 23 बॉल तक यह तय नहीं हो पाया कि कौन जीतेगा। इस मुकाबले से साफ है कि दोनों टीमों के बीच कितना कड़ा संघर्ष हुआ।

अफगानिस्तान की चुनौती बढ़ी

साउथ अफ्रीका ने अपने दोनों शुरुआती मैच जीतकर सुपर 8 में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। वहीं अफगानिस्तान लगातार दो हार के बाद दबाव में है। टीम को अब यूएई और कनाडा के खिलाफ बड़े अंतर से जीत हासिल करनी होगी और नेट रन रेट सुधारना होगा, ताकि सुपर 8 में पहुंचने की उम्मीद बची रहे।

Navbharat Live
navbharatlive.com