T20 World Cup में न्यूजीलैंड के खिलाफ खत्म होगा हार का सिलसिला? खिताबी मुकाबले में जीत हासिल करने उतरेगा भारत
T20 World Cup 2026 का फाइनल 8 मार्च को भारत और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। टी20 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत का आंकड़ा खराब है।
- Written By: उज्जवल सिन्हा
भारतीय टीम (फोटो-सोशल मीडिया)
India vs New Zealand, Final: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। यह खिताबी मुकाबला 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को 7 रनों से हराकर, वहीं न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई है।
भारत के लिए फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाला मुकाबला बेहद मुश्किल है। इसकी वजह टी20 विश्व कप का इतिहास है, जो न्यूजीलैंड के पक्ष में है। भारतीय टीम टी20 विश्व कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ कभी नहीं जीती है। दोनों देशों के बीच अब तक 3 मैच खेले गए हैं और तीनों ही मैचों में न्यूजीलैंड को जीत मिली है।
न्यूजीलैंड के खिलाफ नहीं मिली है एक भी जीत
दोनों देशों के बीच पहला मुकाबला टी20 विश्व कप 2007 के दौरान खेला गया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने सभी विकेट खोकर 190 रन बनाए थे। भारतीय टीम 180 रन बना सकी थी और 10 रन से मैच हार गई। दूसरा मैच टी20 विश्व कप 2016 में खेला गया था। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 126 रन बनाए थे। भारतीय टीम 79 रन पर सिमट गई और 47 रन से मैच हार गई।
सम्बंधित ख़बरें
सूर्यवंशी-अभिषेक फ्लॉप…ईशान-तिलक वर्मा ने संभाली कमान, भारत ने जिम्बाब्वे को दिया 220 रन का टारगेट
ZIM vs IND 2nd T20I: हरारे की बल्लेबाजी पिच पर फिर बरसेंगे रन? जानिए पिच रिपोर्ट, मौसम और संभावित प्लेइंग टीम
एशियन गेम्स 2026 का क्रिकेट शेड्यूल जारी, भारत सीधे क्वार्टर फाइनल में; पाकिस्तान से कब होगी टक्कर?
ZIM vs IND: वैभव सूर्यवंशी का तूफानी अर्धशतक, श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारत ने दर्ज की पहली जीत
यह भी पढ़ें: वानखेड़े में गूंजा ‘चक दे इंडिया’, भारत चौथी बार टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में, लेकिन फैंस का दिल जीत गए बेथल
दोनों टीमों की टी20 विश्व कप की तीसरी और आखिरी मुलाकात 2021 विश्व कप के दौरान हुई थी। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 110 रन बनाए थे। न्यूजीलैंड ने 2 विकेट के नुकसान पर 111 रन बनाकर मैच 8 विकेट से जीत लिया था। इस तरह टी20 विश्व कप में भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहली जीत का इंतजार है।
टी20 क्रिकेट में भारत का पलड़ा है भारी
ओवरऑल आंकड़े पर गौर करें तो टी20 में भारतीय टीम का न्यूजीलैंड के खिलाफ पलड़ा भारी है। दोनों देशों के बीच अब तक 30 मैच खेले गए हैं। भारतीय टीम ने 18 मैच जीते हैं, जबकि न्यूजीलैंड को 11 मैचों में सफलता मिली है। 1 मैच टाई रहा है। विश्व कप से पहले भी न्यूजीलैंड और भारत के बीच 5 मैचों की द्विपक्षीय टी20 सीरीज खेली गई थी। भारतीय टीम ने अपने घर में हुई इस सीरीज में न्यूजीलैंड को 4-1 से मात दी थी। टीम इंडिया के पास न्यूजीलैंड को 8 मार्च को हराकर जीत का इंतजार समाप्त करने और बैक-टू-बैक टी20 विश्व कप का खिताब जीतने वाली पहली टीम बनने का अवसर है।
