

Arjun–Saaniya wedding: क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर के बेटे और युवा ऑल-राउंडर अर्जुन तेंदुलकर ने एंटरप्रेन्योर सानिया चंडोक के साथ सात फेरे लेकर अपने नए जीवन की शुरुआत कर ली है। इस दौरान भारतीय टीम के कई सितारे इस शादी में शामिल हुए। यह शादी गुरुवार को मुंबई में एक निजी और पारिवारिक समारोह के बीच संपन्न हुई।
अर्जुन और सानिया की शादी समारोह में पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी, पूर्व कप्तान और हेड कोच राहुल द्रविड़, महान लेग-स्पिनर अनिल कुंबले, दिग्गज ऑलराउंडर युवराज सिंह, पूर्व क्रिकेटर और कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष वेंकटेश प्रसाद मौजूद रहे। सभी ने दोनों को नई शुरुआत के लिए अपना आर्शीवाद दिया।
शादी के दौरान सबसे भावुक और खुशी भरा पल तब देखने को मिला जब सचिन तेंदुलकर अपने बेटे और बहू पर फूल बरसाते नजर आए। चेहरे पर बड़ी मुस्कान के साथ उन्होंने नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया। परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में यह समारोह बेहद सादगी और गर्मजोशी के साथ संपन्न हुआ।
अर्जुन की शादी की रस्में इस हफ्ते की शुरुआत में कई पारंपरिक रस्मों और सेलिब्रेशन के साथ शुरू हुईं। मुंबई में मेहंदी और संगीत फंक्शन समेत शादी से पहले के इवेंट हुए, जिसमें कई पूर्व और मौजूदा क्रिकेटर शामिल हुए थे। महीनों की तैयारियों और सेलिब्रेशन के बाद गुरुवार को अपनी लॉन्ग-टाइम पार्टनर सानिया चंडोक से शादी कर ली। अर्जुन और सानिया ने पिछले साल अगस्त में सगाई की थी। जिसमें कुछ करीबी लोग शामिल थे।
अर्जुन अपने पिता की तरह क्रिकेटर हैं। अर्जुन तेंदुलकर घरेलू क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिश कर रहे हैं। मुंबई से करियर की शुरुआत करने के बाद उन्होंने गोवा के लिए खेलते हुए खुद को एक भरोसेमंद बॉलिंग ऑल-राउंडर के रूप में स्थापित किया है। इसके अलावा वह मुंबई इंडियंस के साथ भी जुड़े रहे हैं और हाल ही में उन्हें लखनऊ सुपर जायंट्स में ट्रेड किया गया है, जिससे उनके आईपीएल करियर को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
अर्जुन की मंगेतर, सानिया, मुंबई की एक एंटरप्रेन्योर हैं जो एक जाने-माने बिजनेस परिवार से हैं। वह ग्रेविस ग्रुप के चेयरमैन, उद्योगपति रवि घई की पोती हैं। उन्होंने पेट-केयर और एनिमल वेलफेयर क्षेत्र में अपना करियर बनाया है और वे एक वेटेरिनरी टेक्नीशियन और एंटरप्रेन्योर के तौर पर अपने काम करती हैं।