T20 World Cup 2026 में डिजिटल क्रांति, पहले छह मैचों में ICC के वीडियो व्यूज में रिकॉर्ड बढ़ोतरी
ICC digital views: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले छह मैचों में आईसीसी के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर वीडियो व्यूज 53 प्रतिशत बढ़े, नेपाल, यूएई और अमेरिका से सबसे ज्यादा दर्शक जुड़े।
- Written By: उज्जवल सिन्हा
टी20 वर्ल्ड कप (फोटो-सोशल मीडिया)
T20 World Cup 2026: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने मंगलवार को बताया कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शानदार शुरुआत के साथ ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दर्शकों की संख्या में ऐतिहासिक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। टूर्नामेंट के पहले छह मुकाबलों के बाद आईसीसी के डिजिटल मंचों पर वीडियो व्यूज में 53 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जो पिछले चरण की तुलना में एक बड़ा उछाल माना जा रहा है।
आईसीसी की ओर से जारी बयान के अनुसार, इस दौरान उसके डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर कुल 647 मिलियन (64.7 करोड़) वीडियो व्यूज रिकॉर्ड किए गए हैं। यह आंकड़ा दर्शाता है कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 ने न केवल पारंपरिक क्रिकेट बाजारों में बल्कि नए और उभरते क्रिकेट देशों में भी जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की है।
डिजिटल व्यूअरशिप में आई बड़ी उछाल
आईसीसी ने बताया कि इस भारी बढ़ोतरी में नेपाल, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और अमेरिका जैसे देशों का अहम योगदान रहा है, जिनकी राष्ट्रीय टीमें इस विश्व कप में हिस्सा ले रही हैं। इन देशों में क्रिकेट के प्रति बढ़ते जुनून ने डिजिटल व्यूअरशिप को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा दिया है।
सम्बंधित ख़बरें
T20 World Cup के लिए पाकिस्तान टीम का ऐलान, 5 नए चेहरों की स्क्वॉड में एंट्री; इस दिन होगा IND-PAK महामुकाबला
ICC Rankings: बिना मैदान पर उतरे ही चमक गई शुभमन गिल की किस्मत, तो पाकिस्तानी बल्लेबाज को हुआ जबरदस्त नुकसान
महिला T20 World Cup के लिए ऑस्ट्रेलिया टीम का ऐलान, सोफी मोलिनक्स को मिली कमान, स्टार तेज गेंदबाज बाहर
देश के लिए 37 साल में संन्यास से की वापसी, T20 World Cup से पहले इस खिलाड़ी ने जीता करोड़ों फैंस का दिल
2024 में यूजर्स की संख्या में हुई थी 83 प्रतिशत वृद्धि
विश्व क्रिकेट संस्था के अनुसार, आईसीसी ऐप पर 2024 के बाद से यूजर्स की संख्या में 83 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई है, जबकि इसी अवधि में आईसीसी की आधिकारिक वेबसाइट पर उपयोगकर्ताओं की संख्या में 16 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। खास बात यह है कि सबसे तेज़ ग्रोथ पूर्ण सदस्य देशों के बाहर की टीमों के प्रशंसकों में देखने को मिली है।
यह भी पढ़ें: T20 World Cup 2026: भारत से डरकर पलटा पाकिस्तान! मदन लाल ने यू-टर्न की बताई असली वजह
आईसीसी ने बताया कि नेपाल इस मामले में सबसे आगे रहा। रविवार को ग्रुप सी में इंग्लैंड के खिलाफ नेपाल के रोमांचक मुकाबले के बाद इस दक्षिण-पूर्व एशियाई देश से आईसीसी प्लेटफॉर्म पर उपयोगकर्ताओं की संख्या में 442 प्रतिशत की रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज की गई। इसके अलावा यूएई में 196 प्रतिशत और अमेरिका में 49 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखी गई, जो दर्शाता है कि यह टूर्नामेंट क्रिकेट को वैश्विक स्तर पर फैलाने में अहम भूमिका निभा रहा है।
नेपाली भाषा की व्यूअरशिप बढ़ी
आईसीसी ने इस डिजिटल उछाल का श्रेय आईसीसी डॉट टीवी पर पहली बार शुरू की गई गैर-अंग्रेज़ी कमेंट्री को भी दिया है। बयान में कहा गया कि इंग्लैंड बनाम नेपाल मैच के लिए नेपाली भाषा की फीड और भारत बनाम अमेरिका मैच के लिए हिंदी भाषा की फीड सबसे ज्यादा स्ट्रीम किए गए मुकाबलों में शामिल रहे।
डिजिटल प्लेटफॉर्म के साथ-साथ स्टेडियम में भी दर्शकों की मजबूत मौजूदगी देखने को मिली। आईसीसी के अनुसार, पहले छह मुकाबलों में भारत और श्रीलंका में कुल 1,16,595 दर्शक स्टेडियम पहुंचकर मैचों का लुत्फ उठा चुके हैं।
