T20 WC: वेस्टइंडीज के खिलाफ नॉकआउट मैच से पहले कोच गंभीर माता की शरण में, कालीघाट मंदिर पहुंचकर लिया आशीर्वाद

IND vs WI: टी20 वर्ल्ड कप के सुपर 8 मुकाबले में भारत और वेस्टइंडीज की भिडंत कोलकाता के ईडन गार्डन्स में होनी है। मैच से पहले भारतीय हेड कोच गौतम गंभीर काली माता के दर्शन करने पहुंचे।
Gautam Gambhir took blessings of Goddess Kali
गौतम गंभीर ने लिया काली माता का आशीर्वाद (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Gautam Gambhir Kalighat Temple: टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय क्रिकेट टीम अपने आखिरी सुपर-8 मुकाबले में वेस्टइंडीज से भिड़ने के लिए तैयार है। यह अहम मुकाबला रविवार को कोलकाता के ईडन गार्डेन स्टेडियम में शाम 7 बजे से खेला जाएगा। सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए दोनों टीमों के लिए यह मैच करो या मरो जैसा साबित होने वाला है।

गौतम गंभीर ने कालीघाट मंदिर में लिया आशीर्वाद

मैच से एक दिन पहले शनिवार को टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर कोलकाता के प्रसिद्ध कालीघाट मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने काली माता की पूजा-अर्चना की और वेस्टइंडीज के खिलाफ अहम मुकाबले से पहले आशीर्वाद लिया। टीम प्रबंधन इस मैच को बेहद महत्वपूर्ण मान रहा है, क्योंकि जीत ही भारत को सेमीफाइनल का टिकट दिला सकती है।

भारत और वेस्टइंडीज के लिए निर्णायक मुकाबला

भारत और वेस्टइंडीज दोनों के लिए यह मैच क्वार्टर फाइनल जैसा है। भारतीय टीम को अंतिम चार में जगह बनाने के लिए हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। वहीं वेस्टइंडीज की स्थिति भी कुछ ऐसी ही है। अगर कैरेबियाई टीम इस मुकाबले में भारत को हराने में सफल रहती है तो वह सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी। ऐसे में मुकाबले में जबरदस्त टक्कर देखने को मिल सकती है।

वेस्टइंडीज को हल्के में नहीं लेगा भारत

भारतीय टीम इस मैच में वेस्टइंडीज को बिल्कुल भी हल्के में लेने की गलती नहीं करेगी। वेस्टइंडीज ने टी20 विश्व कप 2026 में अब तक शानदार प्रदर्शन किया है। टीम ग्रुप स्टेज में एक भी मैच गंवाए बिना अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान पर रहते हुए सुपर-8 में पहुंची। सुपर-8 चरण में उसने जिम्बाब्वे को बड़े अंतर से हराया, हालांकि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उसे हार झेलनी पड़ी।

दोनों टीमों को दक्षिण अफ्रीका से मिली हार

भारत और वेस्टइंडीज के अभियान में एक समानता यह रही कि दोनों टीमों को सुपर-8 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। इसी वजह से सेमीफाइनल की दौड़ अभी खुली हुई है और यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए निर्णायक बन गया है।

भारत के पास बदला लेने का मौका

वेस्टइंडीज की टीम बल्लेबाजी के मामले में काफी मजबूत मानी जा रही है, लेकिन उसकी गेंदबाजी अपेक्षाकृत कमजोर रही है। भारतीय टीम इसी कमजोरी को भुनाने की रणनीति के साथ मैदान पर उतरेगी। साथ ही भारत के पास 2016 टी20 विश्व कप सेमीफाइनल की हार का बदला लेने का भी सुनहरा मौका होगा, जब वेस्टइंडीज ने भारत को हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया था।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com