IND vs NZ: युजवेंद्र चहल का बड़ा रिकॉर्ड खतरे में, T20 WC Final के दौरान इन दो खिलाड़ियों पर सबकी नजरें

T20 WC 2026 Final: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल रविवार 8 मार्च को अहमदाबाद में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। इस बड़े मुकाबले में अक्षर और कुलदीप के पास खास रिकॉर्ड बनाने का सुनहरा मौका है।
युजवेंद्र चहल का बड़ा रिकॉर्ड खतरे में, T20 WC Final के दौरान इन दो खिलाड़ियों पर सबकी नजरें
युजवेंद्र चहल, हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Kuldeep Yadav and Axar Patel can break Yuzvendra Chahal Record: भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस बड़े मैच में टीम इंडिया के दो स्पिन गेंदबाज अक्षर पटेल और कुलदीप यादव के पास एक खास रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका होगा। दोनों खिलाड़ी भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले स्पिन गेंदबाज बनने की दौड़ में शामिल हैं।

कुलदीप यादव के पास रिकॉर्ड बनाने का सुनहरा मौका

चाइनामैन स्पिनर कुलदीप यादव को इस वर्ल्ड कप में अभी तक ज्यादा मौके नहीं मिले हैं। उन्होंने अब तक सिर्फ एक मैच खेला है और इसके बाद से टीम की प्लेइंग इलेवन से बाहर चल रहे हैं। हालांकि अगर उन्हें फाइनल मुकाबले में खेलने का मौका मिलता है तो उनके पास इतिहास रचने का शानदार अवसर होगा। कुलदीप यादव अब तक भारत के लिए 54 टी20 इंटरनेशनल मैचों की 52 पारियों में 95 विकेट ले चुके हैं। अगर वह फाइनल मैच में दो विकेट हासिल कर लेते हैं तो वह भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले स्पिन गेंदबाज बन जाएंगे। इसके साथ ही वह मौजूदा रिकॉर्ड होल्डर युजवेंद्र चहल को पीछे छोड़ सकते हैं।

अक्षर पटेल भी तोड़ सकते हैं चहल का रिकॉर्ड

टीम इंडिया के उपकप्तान अक्षर पटेल भी इस रिकॉर्ड को अपने नाम करने के बेहद करीब हैं। 32 वर्षीय अक्षर पटेल अब तक भारत के लिए 93 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं। इन मुकाबलों की 87 पारियों में गेंदबाजी करते हुए उन्होंने 94 विकेट हासिल किए हैं। अगर अक्षर पटेल न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल मुकाबले में तीन विकेट लेने में सफल रहते हैं तो वह टी20 इंटरनेशनल में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले स्पिन गेंदबाज बन जाएंगे। फिलहाल यह रिकॉर्ड युजवेंद्र चहल के नाम दर्ज है, जिन्होंने 80 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 96 विकेट हासिल किए थे।

भारत के लिए सबसे ज्यादा टी20 विकेट लेने वाले स्पिन गेंदबाज

  • युजवेंद्र चहल - 80 मैच: 96 विकेट
  • कुलदीप यादव - 54 मैच: 95 विकेट
  • अक्षर पटेल - 93 मैच: 94 विकेट
  • रविचंद्रन अश्विन - 65 मैच: 72 विकेट
  • वरुण चक्रवर्ती - 44 मैचो: 72 विकेट

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अक्षर पटेल का प्रदर्शन टीम इंडिया के लिए काफी उपयोगी रहा है। इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में उन्होंने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया था। उस मैच में अक्षर ने बल्लेबाजी करते हुए दो रन बनाए, जबकि गेंदबाजी में तीन ओवर में 35 रन देकर दो अहम विकेट अपने नाम किए। इसके अलावा फील्डिंग में भी उन्होंने कमाल दिखाया और तीन शानदार कैच पकड़े। उनकी इस बेहतरीन फील्डिंग और गेंदबाजी ने भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई। पूरे टूर्नामेंट की बात करें तो अक्षर पटेल को अब तक 6 मैचों में खेलने का मौका मिला है और उन्होंने 8 विकेट अपने नाम किए हैं। ऐसे में अब सभी की नजरें फाइनल मुकाबले में उनके प्रदर्शन पर टिकी रहेंगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com