T20 World Cup 2026: पाकिस्तान की अब खैर नहीं, फिट हुआ भारत का धाकड़ खिलाड़ी

पेट संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती रहे अभिषेक शर्मा को छुट्टी मिल गई है, लेकिन नामीबिया के खिलाफ उनका खेलना संदिग्ध है। पाकिस्तान के मैच से पहले अभिषेक फिट हो जाएंगे।
Abhishek Sharma Health Update
अभिषेक शर्मा (फोटो-सोशल मीडिया)
Updated on

Abhishek Sharma Health Update: भारतीय टीम को टी20 विश्व कप के बीच हल्की चिंता का सामना करना पड़ रहा है। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को पेट में संक्रमण के कारण दो दिन अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा, हालांकि अब उन्हें छुट्टी मिल गई है। इसके बावजूद बृहस्पतिवार को नामीबिया के खिलाफ होने वाले मुकाबले में उनका खेलना अभी तय नहीं है।

मैच से पूर्व आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय बल्लेबाज तिलक वर्मा ने अभिषेक की फिटनेस पर अपडेट देते हुए कहा, “अभिषेक को आज अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। कल के मैच में उसके खेलने पर फैसला लेने के लिए अभी समय है।” टीम प्रबंधन अंतिम निर्णय मैच से ठीक पहले उनकी स्थिति का आकलन करने के बाद करेगा।

अभिषेक की जगह संजू सैमसन ने की थी फील्डिंग

अभिषेक ने अमेरिका के खिलाफ मुंबई में खेले गए पहले मैच में पारी की पहली ही गेंद पर विकेट गंवा दिया था। इसके बाद वह मैदान पर नहीं उतरे और उनकी जगह संजू सैमसन ने फील्डिंग की जिम्मेदारी संभाली। माना जा रहा है कि उसी मैच के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ी थी, जो दिल्ली पहुंचने के बाद और खराब हो गई।

पेट के संक्रमण का सीधा असर खिलाड़ी की ऊर्जा और सहनशक्ति पर पड़ता है। ऐसे में यह देखना अहम होगा कि क्या अभिषेक यात्रा, अभ्यास और लगातार मैच खेलने की स्थिति में जल्द लौट पाते हैं। भारत का असली फोकस 15 फरवरी को कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले पर है। पाकिस्तान अपने शुरुआती दोनों मैच जीतकर लय में है, इसलिए टीम इंडिया किसी भी प्रमुख खिलाड़ी को पूरी तरह फिट हुए बिना जोखिम में नहीं डालना चाहेगी।

इधर संजू सैमसन ने मंगलवार को नेट्स में लंबा अभ्यास किया और बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक के साथ काफी समय बिताया। इससे संकेत मिलता है कि टीम प्रबंधन वैकल्पिक संयोजन के लिए भी तैयार है।

पाकिस्तान से मुकाबले के पहले फिट होंगे अभिषेक शर्मा

हालांकि भारतीय टीम को उम्मीद है कि 25 वर्षीय अभिषेक शर्मा पाकिस्तान मुकाबले से पहले पूरी तरह फिट हो जाएंगे और टीम को मजबूत शुरुआत दिलाने के लिए उपलब्ध रहेंगे। पहले मैच में तबीयत खराब होने के बाद भी अभिषेक मैदान पर उतरे थे। लेकिन एक गेंद पर ही आउट हो गए।

Navbharat Live
navbharatlive.com