T20 World Cup: टीम इंडिया को बड़ा झटका, स्टार ओपनर अभिषेक शर्मा अस्पताल में भर्ती; नामीबिया संग मैच खेलेंगे?

Abhishek Sharma Hospitalised: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पेट में इन्फेक्शन के चलते दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराए गए। कल नामीबिया के खिलाफ मुकाबले में उनके खेलने मुश्किल है
abhishek sharma health update
अभिषेक शर्मा, फोटो- सोशल मीडिया
Updated on

T20 World Cup 2026 India vs Namibia: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच भारतीय खेमे से एक परेशान करने वाली खबर सामने आई है। टीम के आक्रामक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा बीमार पड़ गए हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती करना पड़ा है। रिपोर्ट के अनुसार, वे पेट के इन्फेक्शन से जूझ रहे हैं, जिसके कारण मंगलवार को उन्होंने टीम के अभ्यास सत्र में भी हिस्सा नहीं लिया।

अभिषेक शर्मा की तबीयत पिछले मैच से ही खराब बताई जा रही है। वे अमेरिका के खिलाफ मैच से पहले ही अस्वस्थ महसूस कर रहे थे, लेकिन मैच खेलने के बाद उनकी स्थिति और बिगड़ गई। उन्हें तेज बुखार था और तत्काल राहत के लिए ड्रिप भी चढ़ाई गई थी। इसी बीमारी का असर उनके प्रदर्शन पर भी दिखा, जहां वे बिना खाता खोले आउट हो गए और बाद में फील्डिंग के लिए भी मैदान पर नहीं उतरे। उनकी जगह संजू सैमसन ने पूरे मैच में फील्डिंग की और मैच खत्म होने के बाद अभिषेक खिलाड़ियों से हाथ मिलाने के लिए भी बाहर नहीं आ सके थे।

अस्पताल में चल रही जांच: नामीबिया मैच पर संशय

बीसीसीआई के सूत्रों के अनुसार, अभिषेक को दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी स्थिति का पता लगाने के लिए कुछ टेस्ट किए जा रहे हैं। हालांकि सहायक कोच रयान टेन डोएशचेट ने उम्मीद जताई है कि वे अगले दो दिनों में ठीक हो जाएंगे, लेकिन वर्तमान स्थिति को देखते हुए 12 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ होने वाले मैच में उनका खेलना संदिग्ध लग रहा है। टीम मैनेजमेंट उनकी रिकवरी पर बारीकी से नजर रखे हुए है।

वॉशिंगटन सुंदर टीम से जुड़े, बुमराह की फिटनेस पर अपडेट

अभिषेक की बीमारी के बीच भारतीय टीम के लिए कुछ राहत भरी खबरें भी हैं। सहायक कोच ने पुष्टि की है कि ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर दूसरे ग्रुप मैच से पहले टीम के साथ जुड़ चुके हैं और उन्होंने अभ्यास शुरू कर दिया है। इसके अलावा, स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी 10 दिनों के ब्रेक के बाद वापस लौट आए हैं और पूरी लय में गेंदबाजी कर रहे हैं। कोच ने पिछले मैच में कप्तान सूर्यकुमार यादव के मैच जिताऊ प्रदर्शन की भी सराहना की, जिन्होंने टीम को संकट से निकाला था।

टूर्नामेंट के अन्य मुकाबलों की बात करें तो पाकिस्तान ने अमेरिका को 32 रनों से हराकर अपनी स्थिति मजबूत की है। वहीं न्यूजीलैंड ने यूएई (UAE) को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी, जबकि नीदरलैंड ने नामीबिया को 7 विकेट से हराया। अब भारतीय प्रशंसकों की नजरें अभिषेक शर्मा की मेडिकल रिपोर्ट पर टिकी हैं, क्योंकि वे टीम के बल्लेबाजी क्रम की एक अहम कड़ी हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com