'बेखौफ अंदाज ही...', T20 World Cup 2026 के लिए पूर्व भारतीय कोच ने दिया जीत का मंत्र

Sanjay Bangar: संजय बांगड़ ने भारत को टी20 विश्व कप में बेखौफ बल्लेबाजी जारी रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अमेरिका मैच की नाकामी का ज्यादा विश्लेषण नहीं, आत्मविश्वास बनाए रखना जरूरी है।
Sanjay Bangar made his thoughts clear on Indian Team
भारतीय टीम (फोटो-सोशल मीडिया)
Updated on

Sanjay Bangar made his thoughts clear on Indian Team: भारतीय टीम के पूर्व खिलाड़ी एवं पूर्व बल्लेबाजी कोच संजय बांगड़ ने टी20 विश्व कप में अमेरिका के खिलाफ भारत की जीत के बावजूद बल्लेबाजी क्रम के लड़खड़ाने पर संतुलित प्रतिक्रिया दी है। उनका मानना है कि टीम को इस मैच में हुई चूक का जरूरत से ज्यादा विश्लेषण नहीं करना चाहिए और अपने आक्रामक, बेखौफ रवैये को बरकरार रखना चाहिए, जिसने पिछले डेढ़ साल में उसे निरंतर सफलता दिलाई है।

वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने 13वें ओवर तक 77 रन पर छह विकेट गंवा दिए थे। शीर्ष क्रम के जल्दी आउट होने से टीम दबाव में आ गई थी, लेकिन सूर्यकुमार यादव और गेंदबाजों के संयमित प्रदर्शन की बदौलत भारत ने वापसी की और अंततः अमेरिका को 29 रन से हरा दिया। इस जीत ने टीम की गहराई और जुझारूपन को भी उजागर किया।

संजय बांगड़ ने हॉटस्टार से बात करते हुए दी बड़ी प्रतिक्रिया

जिओ हॉटस्टार के एक कार्यक्रम में बांगड़ ने कहा, “मुझे नहीं लगता कि भारतीय बल्लेबाजों को वानखेड़े में अमेरिका के खिलाफ जो हुआ उसका बहुत अधिक विश्लेषण करना चाहिए। आजकल जिस तरह से भारतीय बल्लेबाज टी20 क्रिकेट खेल रहे हैं, उसमें स्वाभाविक रूप से जोखिम शामिल है।”

उन्होंने आगे कहा, “किसी दिन अगर दो-तीन विकेट जल्दी गिर जाते हैं और आप फिर भी आक्रामक खेलना चाहते हैं, तो एक साथ कई विकेट गिर सकते हैं। इससे सीख यह हो सकती है कि परिस्थिति के अनुसार थोड़ा धीमा खेलें, लेकिन अपने दृष्टिकोण को लेकर ज्यादा संशय में न पड़ें।”

निडर अंदाज ही हैं सबसे बड़ी ताकत

बांगड़ के अनुसार, भारतीय टीम की मौजूदा बल्लेबाजी इकाई ने पिछले 18 महीनों में जिस निडर अंदाज में खेल दिखाया है, वही उसकी सबसे बड़ी ताकत रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि खिलाड़ियों को अपनी क्षमताओं पर भरोसा बनाए रखना चाहिए और परिस्थिति के अनुसार संतुलन साधते हुए उसी सकारात्मक मानसिकता के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

भारत का अगला मुकाबला मजबूत प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ है, ऐसे में टीम प्रबंधन चाहेगा कि बल्लेबाज आक्रामकता और जिम्मेदारी के बीच सही तालमेल बैठाकर मैदान पर उतरें।

Navbharat Live
navbharatlive.com