

Suresh Raina On Rohit-Virat World Cup 2027: भारत के पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना ने रोहित शर्मा और विराट कोहली को लेकर बड़ा बयान दिया है। रैना का मानना है कि अगर दोनों अनुभवी खिलाड़ी वनडे वर्ल्ड कप 2027 में भारतीय टीम का हिस्सा रहते हैं, तो टीम के वर्ल्ड कप जीतने की संभावना 90 प्रतिशत तक हो सकती है।
2027 का वनडे वर्ल्ड कप अक्टूबर-नवंबर में साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाना है। दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में रैना ने रोहित और कोहली के अनुभव और बड़े टूर्नामेंट में उनके प्रदर्शन की तारीफ की।
सुरेश रैना ने कहा कि भारत के पास कई मैच जिताने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने रोहित शर्मा और विराट कोहली का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों ने आईपीएल और भारतीय टीम के लिए कई ट्रॉफियां जीती हैं। रैना ने कहा कि अगर दोनों खिलाड़ी टीम में रहते हैं, तो भारत के वर्ल्ड कप जीतने की संभावना 90 प्रतिशत होगी।
रैना ने 2023 वर्ल्ड कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत की हार को भी याद किया। उन्होंने कहा कि 2027 में जब भारतीय टीम फिर साउथ अफ्रीका जाएगी, तो टीम में ज्यादा जोश होगा। रैना ने कहा, 'हम साल 2003 में साउथ अफ्रीका में हारे थे, अब उसका बदला भी लेना है।'
बीसीसीआई ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की घरेलू वनडे सीरीज के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम में रोहित शर्मा और विराट कोहली को शामिल किया है। सीरीज का पहला मैच 27 सितंबर को तिरुवनंतपुरम, दूसरा 30 सितंबर को गुवाहाटी और तीसरा 3 अक्टूबर को चंडीगढ़ में खेला जाएगा। वहीं, श्रेयस अय्यर एशियन गेम्स में भारतीय टीम के अभियान का हिस्सा होंगे।
सुरेश रैना ने युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि उसे वैसे ही खेलने देना चाहिए जैसे वो खेल रहा है। 15 साल की उम्र में मुझे स्कूल में सजा मिलती थी और 'मुर्गा' बनाया जाता था। जिस तरह से वो इतने सारे रन बना रहा है, जिस तरह से वो खेलता है उसकी सोच बिल्कुल अलग है। मुझे उसे खेलते हुए देखना बहुत अच्छा लगता है।