

Asian Games 2026 India Medal Tally: एशियन गेम्स 2026 में भारत ने बुधवार को शूटिंग में एक और पदक अपने नाम किया। परिनाज धालीवाल, रजिया ढिल्लों और माहेश्वरी चौहान की तिकड़ी ने महिला स्कीट टीम इवेंट में कांस्य पदक जीता। तीन दिनों के क्वालिफिकेशन राउंड के बाद भारतीय टीम ने कुल 331 अंक हासिल कर तीसरा स्थान हासिल किया।
चीन की चे यूफेई, जियान यिटिंग और जियांग चाओयू की टीम ने 347 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता। वहीं, कजाकिस्तान की असेम ओरिनबे, जोया पिस्कुन और एडेल सदाकबायेवा ने 336 अंक के साथ रजत पदक अपने नाम किया।
इससे पहले ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर ने महिला 10 मीटर एयर पिस्टल के क्वालिफिकेशन में 579-20x के स्कोर के साथ तीसरा स्थान हासिल कर फाइनल में जगह बनाई थी। हालांकि, टीम इवेंट में ईशा सिंह, मनु भाकर और सुरुचि सिंह की भारतीय टीम कांस्य पदक से चूक गई और वियतनाम से पीछे रहकर चौथे स्थान पर रही।
भारत के जय मीना ने भी सॉफ्ट टेनिस में शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली है। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में शेरविन नुगुइट के खिलाफ 4-3 से जीत दर्ज की। इसके साथ ही उन्होंने एशियन गेम्स में सॉफ्ट टेनिस में भारत का पहला पदक पक्का कर दिया। मीना और नुगुइट के बीच मुकाबला 3-3 की बराबरी पर था।
निर्णायक गेम में मीना 3-5 से पीछे चल रहे थे, लेकिन उन्होंने लगातार चार अंक जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। सेमीफाइनल में मीना का सामना जापान के ताकुया कुरोसाका और चीनी ताइपे के यू-सुंग चांग के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल के विजेता से होगा। सेमीफाइनल में हारने वाले दोनों खिलाड़ियों को कांस्य पदक मिलेगा, जबकि जीतने वाले खिलाड़ी स्वर्ण पदक के लिए मुकाबला करेंगे।
एशियन गेम्स 2026 की पदक तालिका में भारत फिलहाल एक स्वर्ण, चार रजत और तीन कांस्य समेत कुल आठ पदकों के साथ आठवें स्थान पर है। 2023 में हुए पिछले एशियन गेम्स में भारत ने कुल 107 पदक जीते थे और चौथे स्थान पर रहा था। यह एशियन गेम्स में भारत का अब तक का सबसे बेहतर प्रदर्शन है।